Advertisement Carousel

बिलासपुर से भोपाल के लिए विमान सेवा शुरू, पहले दिन 50 यात्री रवाना

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कांकेर से

वीडियो कॉन्फ्रेसिंग से किया शुभारंभ

रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने रविवार 5 जून को कांकेर से वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के जरिए बिलासपुर से भोपाल के लिए विमान सेवा का शुभारंभ किया। बघेल ने चकरभाठा स्थित बिलासा देवी केंवट एयरपोर्ट में आयोजित इस कार्यक्रम में वर्चुअल रूप से शामिल होकर विमान सेवा को हरी झण्डी दिखाई। पहले दिन बिलासपुर-भोपाल फ्लाइट से 50 यात्री रवाना हुए। इस प्लेन के पायलट भास्कर पंत और को-पायलट ऋचा परिहार है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री एवं बिलासपुर जिले के प्रभारी मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने की। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर कहा कि इस नई सेवा का लाभ पूरे छत्तीसगढ़ को मिलेगा। खासकर उत्तर छत्तीसगढ़ में हवाई सेवा मजबूत होगी।

पहले दिन बिलासपुर से भोपाल के लिए रवाना हुए 50 यात्री

उल्लेखनीय है कि बिलासपुर एयरपोर्ट से शुरू होने वाली यह दूसरी फ्लाइट है। इसके पहले 01 मार्च 2021 से दिल्ली-जबलपुर-बिलासपुर-प्रयागराज सेक्टर में नियमित घरेलू विमान सेवा की शुरूआत की गई थी।

मुख्यमंत्री बघेल ने कार्यक्रम में कहा साढ़े तीन साल पहले तक हवाई सेवा के नाम पर सिर्फ रायपुर को ही जाना जाता था। लेकिन आज बिलासपुर और जगदलपुर से भी नियमित हवाई सेवा का संचालन हो रहा है।

बिलासपुर में आयोजित कार्यक्रम

उल्लेखनीय है कि पिछले साढ़े तीन वर्षों में जगदलपुर और बिलासपुर एयरपोर्ट से शुरू हुई नियमित विमान सेवाएं और अम्बिकापुर में 43 करोड़ रूपए की लागत से एयरपोर्ट रनवे का विकास किया जा रहा है।

वहीं कोरबा में व्यावसायिक एयरपोर्ट के साथ कोरिया में नई हवाई पट्टी के विकास की योजना पर काम हो रहा है। इसी तरह मां दंतेश्वरी एयरपोर्ट जगदलपुर से सितम्बर 2021 से जगदलपुर-हैदराबाद-बेंगलूरू सेक्टर में नियमित घरेलू विमान सेवा का संचालन हो रहा है।

जगदलपुर, बिलासपुर और अम्बिकापुर एयरपोर्ट में नियमित एटीसी सुविधा के विकास के लिए 08 करोड़ रूपए की लागत से ऑटोमेटेड एटीसी उपकरण स्थापित किए गए हैं। इससे अब इन एयरपोर्ट में किसी भी समय हेलिकॉप्टर अथवा विमान के उड़ान और लैंडिंग के लिए आवश्यक जानकारी प्राप्त हो सकेगी।

बिलासपुर से कार्यक्रम की अध्यक्षता राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री एवं बिलासपुर जिले के प्रभारी मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में इस मौके पर विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक, सांसद अरुण साव, संसदीय सचिव डॉ रश्मि आशीष सिंह, विधायक  शैलेश पांडेय, रजनीश सिंह, बिलासपुर महापौर रामशरण यादव, जिला पंचायत बिलासपुर अध्यक्ष अरुण चौहान, कलेक्टर बिलासपुर डॉ. सारांश मित्तर, एसपी बिलासपुर पारूल माथुर और एयरपोर्ट डायरेक्टर एन.वीरेन सिंह उपस्थित थे।

एयरपोर्ट से लगी जमीन सेना से वापस लेने प्रक्रिया जारी

राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि इस फ्लाइट के शुरू होने से बिलासपुर सहित सम्पूर्ण उत्तर छत्तीसगढ़ के लोगों को लाभ मिलेगा। उन्होंने बिलासपुर में विमान सेवाओं के विस्तार के लिए मुख्यमंन्त्री के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने एयरपोर्ट परिसर में वाहन पार्किंग एवं वाहन चालकों के लिए शेड बनवाने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट से लगी हुई जमीन सेना की है। इससे वापस लेने की प्रक्रिया राज्य शासन द्वारा शुरू की गई है। जमीन मिल जाने पर रनवे का विस्तार होगा । इससे ज्यादा संख्या में विमान सेवा शुरू होने के साथ नाईट लैंडिंग की सुविधा मिलेगी।

समारोह को नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक, संसदीय सचिव रश्मि सिंह, विधायक शैलेश पांडेय, महापौर बिलासपुर रामशरण यादव ने भी संबोधित किया। कलेक्टर सारांश मित्तर ने स्वागत भाषण दिया। बिल्हा एसडीएम अमित गुप्ता ने आभार व्यक्त किया।