Advertisement Carousel

पत्नी से झगड़े में फूंक दिए पांच घर, एक मवेशी की भी मौत

चार मकान और जले, वारदात

के बाद पति-पत्नी हुए फरार

पाटन। यहां पति-पत्नी में हुए विवाद के चलते शनिवार 4 मार्च को पांच किसानों के घर जलकर खाक हो गए। वहीं एक मवेशी की भी मौत हो गई। झगड़े के बाद किसान ने अपने ही घर में आग लगा दी।

Also read:भिलाई की सेक्टर 9 की बस्ती में लगी भीषण आग, 25 झोपड़ियां हुईं खाक

इसकी चपेट में आसपास के मकान भी आ गए। हादसे की सूचना पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। हादसे के बाद पति-पत्नी दोनों भाग निकले हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है। मामला पाटन थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक दैमार गांव निवासी जगन्नाथ ठाकुर खेती किसानी करता है। उसका शनिवार दोपहर किसी बात को लेकर अपनी पत्नी से विवाद हो गया। बात इतनी ज्यादा बढ़ी कि गुस्से में जगन्नाथ ने अपने ही घर में आग लगा दी। इसके चलते घर में रखा रसोई गैस सिलेंडर उसकी चपेट में आ गया। आग बढ़ती देख पति-पत्नी दोनों वहां से भागे। तभी जोर का सिलेंडर ब्लास्ट हुआ और आग ने आसपास बने किसानों के कच्चे मकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया।

Also read:जंगल में आग का पता लगे तो तुरंत 18002337000 पर कॉल करें

मकानों में आग लगी देख लोगों ने पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। हालांकि जब तक दमकलकर्मी पहुंचे और आग पर काबू पाते, तब तक आसपास के चार मकान और चपेट में आ चुके थे। आग लगने से मकानों में रखा सामान, धान सब जलकर खाक हो गया।

इस दौरान एक पालतू मवेशी की भी मौत हो गई। थाना प्रभारी राजकुमार लहरे ने बताया कि घटना के बाद से पति-पत्नी दोनों भागे हुए हैं। मामले की जांच की जा रही है। अभी तक यह पता नहीं चल सका है कि नुकसान कितना हुआ है।