रायपुर। आज डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी आईआईआईटी (IIIT) नवा रायपुर के में तृतीय दीक्षांत समारोह मनाया गया। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन शामिल हुए। राजभवन से राज्यपाल समारोह में वर्चुअल शामिल होकर सभी पदक एवं उपाधि प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों को उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दी और कहा कि सभी विद्यार्थी राष्ट्र की सेवा में तत्पर रहें। दीक्षांत समारोह में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सहित अतिथियों ने विद्यार्थियों को मैडल तथा डिग्री प्रदान की। तीन विद्यार्थियों को पीएचडी, 15 विद्यार्थियों को एमटेक और 113 विद्यार्थियों को बीटेक की उपाधि प्रदान की गई।
IIIT : हमारे स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों ने असंख्य दी कुर्बानियां
राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन ने दीक्षांत समारोह में कहा कि देश को आज इस मुकाम तक पहुंचाने में हमारे स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों ने असंख्य कुर्बानियां दी हैं। महात्मा गांधी, सुभाष चन्द्र बोस और अनेक सेनानीयों ने अपने-अपने तरीकों से भारत को ब्रिटिश शासन से मुक्ति दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। गांधी जी के अहिंसात्मक तरीके से देश को आजाद कराने की कोशिशों पर पूरे विश्व को बहुत आश्चर्य हुआ था। गांधी जी ने समाज के सभी वर्गाे, विशेष कर विद्यार्थियों को भी आजादी के आंदोलन में शामिल होने का आव्हान किया।

IIIT : हमारे स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों ने असंख्य दी कुर्बानियां
नेता जी सुभाष चंद्र बोस ने दिल्ली चलो का नारा देकर सभी लोगों से सशस्त्र संग्राम में शामिल होने की अपील की थी। राज्यपाल ने ट्रिपल आईटी (IIIT) द्वारा कृषि वानिकी एवं ग्रामीण विकास के क्षेत्र में अनुसंधान किए जाने के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने विद्यार्थियों को समाज, राज्य और राष्ट्र की सेवा में विभिन्न क्षेत्रों में नवाचार करने के लिए प्रोत्साहित किया ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के निवासियों का जीवन स्तर बेहतर हो सके।
IIIT : ज्ञान व कौशल का उपयोग राज्य-देश के निर्माण में लगाए – सीएम भूपेश बघेल
समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने IIIT के दीक्षांत समारोह में विद्यार्थियों को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आप अपने ज्ञान और कौशल का उपयोग राज्य और देश के निर्माण में करें। आप अपने कैरियर का निर्माण करें, दुनिया की सेवा करें, लेकिन आपके ध्यान में राष्ट्र और राज्य सर्वप्रथम होना चाहिए। उन्होंने कहा कि ट्रिपलआईटी (IIIT) नवा रायपुर छत्तीसगढ़ स्थित देश का एक प्रमुख संस्थान है, जो छात्रों को सूचना प्रौद्योगिकी और संबद्ध विषयों में विश्व स्तरीय तकनीकी शिक्षा प्रदान कर रहा है। सूचना प्रौद्योगिकी आधुनिक कृषि और वानिकी के साथ-साथ ग्रामीण आबादी के जीवन को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह प्रसन्नता की बात है कि ट्रिपल आईटी नवा रायपुर ने कृषि, वानिकी और ग्रामीण विकास की दिशा में कार्य करने का निर्णय लिया है। कृषि सहित अन्य क्षेत्रों में ऐसे यंत्र और उपकरण विकसित किए जाएं, जिनका उपयोग साधारण व्यक्ति भी आसानी से कर सके और उनका काम आसान हो सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि जैसे आज खेतों में दवाओं के छिड़काव के लिए ड्रोन का उपयोग किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सूचना प्रौद्योगिकी का उपयोग कृषि में मौसम की भविष्यवाणी, स्मार्ट कृषि, रिमोट क्रॉप मॉनिटरिंग, स्मार्ट हैंडलिंग और कृषि उत्पादों के परिवहन आदि के रूप में मदद कर सकता है।

IIIT : ज्ञान व कौशल का उपयोग राज्य-देश के निर्माण में लगाए – सीएम भूपेश बघेल
ट्रिपल आईटी (IIIT) नवा रायपुर के निदेशक डॉ. प्रदीप के. सिन्हा ने इस अवसर पर संस्थान का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि उद्योगों की जरूरतों के मुताबिक संचालित अध्ययन-अध्यापन के पाठ्यक्रम के कारण पिछले चार वर्षों में इस संस्थान के शत्-प्रतिशत विद्यार्थियों को देश-विदेश के प्रतिष्ठित संस्थानों में प्लेसमेंट मिला है। यहां शिक्षा के साथ अनुसंधान कार्य भी संचालित किए जा रहे हैं। ट्रिपलआईटी द्वारा रिसर्च हेतु इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, एम्स, माइक्रोसाफ्ट, डीआरडीओ जैसे अनेक प्रतिष्ठित संस्थानों के साथ एमओयू किए गए हैं। इस अवसर पर ट्रिपलआईटी बोर्ड के सदस्य, संस्थान के शिक्षक और विद्यार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित थे। इस मौके पर ट्रिपलआईटी नवा रायपुर के ऑफिसियेटिंग बोर्ड चेयरमैन स्टीवन ए. पिंटो ने समारोह की अध्यक्षता की। विशेष अतिथि उद्योग मंत्री कवासी लखमा, रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) के पूर्व महानिदेशक और ब्रम्होस एयरोस्पेस नई दिल्ली के पूर्व सीईओ डॉ. सुधीर कुमार मिश्रा, ट्रिपलआईटी नवा रायपुर के निदेशक डॉ. प्रदीप के. सिन्हा समारोह में उपस्थित थे।











