Advertisement Carousel

Odisha Train Accident: ‘रेल हादसे को सांप्रदायिक रंग देने की कोशिश कर रहे…’ ओडिशा पुलिस का बयान, जानें किसकी तरफ किया इशारा

Coromandel Train Accident: ओडिशा के बालासोर में हुए दर्दनाक रेल हादसे ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है. हादसे के बाद रविवार (4 जून) को ओडिशा पुलिस ने एक बयान जारी कर कहा है कि कुछ सोशल मीडिया अकाउंट इस हादसे को सांप्रदायिक रंग देने की कोशिश कर रहे हैं. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि रेल हादसे के बारे में किसी भी तरह का भ्रामक पोस्ट शेयर करने से बचे.

ओडिशा पुलिस ने कहा, झूठे और भ्रामक सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से समुदायों को एक दूसरे के खिलाफ भड़काने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

ओडिशा पुलिस ने जारी किया बयान

ओडिशा पुलिस ने बयान में आगे कहा, “जो लोग हादसे को लेकर झूठी सोशल मीडिया पोस्ट शेयर कर रहे हैं हम उन सभी लोगों से अपील करते हैं कि वो ऐसा करने से बचें. झूठी अफवाह फैलाकर सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ लीगल एक्शन लिया जाएगा. रेल हादसे के कारणों और अन्य सभी पहलुओं की जांच की जा रही है.”