Advertisement Carousel

बृजमोहन का घर-घर अभिनंदन, जनसंपर्क में लोगों से कहा- रायपुर शहर मेरा परिवार, सहयोग लेने आया हूं

Raipur: चुनाव नजदीक आते ही प्रत्याशियों ने अपना जनसंपर्क का समय बढ़ा दिया है। इसी क्रम में पूर्व मंत्री व रायपुर दक्षिण विधानसभा के भाजपा प्रत्याशी विधायक बृजमोहन अग्रवाल ने टिकरापारा समेत कई क्षेत्रों में सघन जनसंपर्क किया। इस दौरान उनका घर- घर में अभिनंदन किया गया। फूलों की माला पहनाकर और आरती उतार कर लोगों ने जीत की शुभकामनाएं दी। वहीं, इस क्षेत्र के कांग्रेस विधायक रामसुंदरदास महंत भी तेजी से जनसंपर्क में जुटे है।

जनसंपर्क के दौरान बृजमोहन ने लोगों से कहा कि रायपुर शहर मेरा परिवार है। परिवार का साथ और सहयोग की अपेक्षा के साथ आया हूं। उन्होंने लोगों से भाजपा के पक्ष में मतदान करने का आग्रह किया। इस अवसर पर बृजमोहन ने कहा कि पिछले 35 साल से वे निरंतर क्षेत्र के विकास के काम में लगे हुए हैं। टिकरापारा लोग गवाह हैं कि बीते वर्षों में होने वाली तकलीफों से आज टिकरापारा क्षेत्र को निजात मिल चुका है।

पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि हमने जन भावनाओं का सम्मान करते हुए उनकी मंशानुरूप हर वो काम कराए, जो जनहित के लिए जरूरी थे। मैंने पूरे रायपुर के विकास को ध्यान में रखकर काम किया है। कैनाल लिंकिंग रोड का निर्माण भी इसी सोच के साथ कराया है। तेलीबांधा से लेकर टाटीबंध तक नेशनल हाईवे पर भटागांव- टिकरापरा, राजेंद्र नगर- न्यू राजेंद्र नगर, कुशालपुर- चंगोरा भाटा के मध्य तीन ओवरब्रिज का निर्माण भी किया गया। इसके साथ ही भाजपा के संकल्प पत्र को पूरा करने की भी बात कही।