रायपुरः Bastar Lok Sabha elections छत्तीसगढ़ में पहले चरण का चुनाव खत्म हो चुका है। बस्तर लोकसभा सीट पर फतह करने के लिए चुनाव प्रचार में भाजपा और कांग्रेस दोनों पार्टियों ने अपना पूरा दम लगाया। यहां दोनों ही पार्टियों के प्रदेश अध्यक्ष की साख दांव पर लगी है। दोनों दलों के नेता ने बस्तर के साथ ही प्रदेश की सभी 11 लोकसभा सीटों को जीतने का दावा किया है। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने कहा कि बस्तर की जनता ने बता दिया कि नरेंद्र मोदी ही प्रधानमंत्री बनने वाले हैं। दूसरी तरफ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज कह रहे हैं कि ‘बस्तर की जनता का संदेश कांग्रेस संभालेगी देश’ है।
दोनों के लिए बस्तर इज्जत का सवाल ?
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज बस्तर के ही रहने वाले हैं। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण देव भी बस्तर के ही रहने वाले हैं। बस्तर से दीपक बैज ने पिछला लोकसभा चुनाव खुद जीता और सांसद बने। बस्तर की ही जगदलपुर विधानसभा सीट से किरण देव विधायक चुनकर आए हैं। इस वजह से दोनों ही नेताओं के लिए ये जरूरी है कि वह अपने-अपने संगठनों को बस्तर में जीत दिला सकें। 19 अप्रैल को हुई वोटिंग से कुछ महीने पहले से ही दोनों नेताओं ने बस्तर में डेरा डाल रखा था। हालांकि अब दोनों नेता प्रदेश के अलग-अलग लोकसभा सीटों पर फोकस कर रहे हैं। पिछले 3 चुनावों में दो बार भाजपा और एक बार कांग्रेस को जीत हासिल हुई है।
बस्तर में भाजपा-कांग्रेस के कितने विधायक?
बस्तर में पहले चरण में हुए चुनाव में 63.78% वोटिंग हुई है। बस्तर के विधायकों पर भी इस लोकसभा चुनाव में जीत का प्रेशर है, क्योंकि जीत या हार से उनकी भी परफॉर्मेंस पर बात होगी। क्योंकि बस्तर में 8 विधानसभा क्षेत्र आते हैं। बस्तर लोकसभा की 8 सीट में से 5 पर भाजपा के विधायक हैं। इनमें कोंडागांव, नारायणपुर, जगदलपुर, चित्रकोट, दंतेवाड़ा भाजपा के पास है। बीजापुर, कोंटा और बस्तर में कांग्रेस है। ये बड़ी वजह है कि भाजपा को ये लोकसभा सीटें अपने पास आती दिख रही हैं। मगर इस सीट पर कवासी लखमा की लोकप्रियता से भाजपा टेंशन में है।
ये हैं भाजपा-कांग्रेस अध्यक्ष के दावे
Bastar Lok Sabha elections भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कहा कि भाजपा प्रत्याशी महेश कश्यप को भारी समर्थन मिला है। भाजपा के बूथ से लेकर शीर्ष स्तर के नेताओं ने बस्तर में पूरी निष्ठा के साथ मेहनत की है। जनता प्रदेश और केंद्र की बीजेपी सरकार, साथ ही मोदी जी की गारंटी पर मुहर लगाएगी और निश्चित ही हम एक बड़ी जीत दर्ज करेंगे। बस्तर की जनता ने बता दिया है कि मोदी आने वाले हैं। दूसरी तरफ दीपक बैज ने कहा कि बस्तर में कांग्रेस के पक्ष में मतदान हुआ है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि बस्तर सहित छत्तीसगढ़ की सभी लोकसभा सीटों को कांग्रेस पार्टी जीतेगी। बस्तर की जनता ने साफ संकेत दिया है कि देश में बदलाव की हवा चल रही है। छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश में भाजपा और मोदी सरकार के खिलाफ जबरदस्त जनाक्रोश है, जो बस्तर के मतदान केन्द्रों पर साफ दिख रहा था। देश की जनता ने महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और जुमलेबाजी के खिलाफ मतदान किया है। आज प्रथम चरण की जिन 102 सीटों पर मतदान हुआ है, उनमें इंडिया गठबंधन 70 प्रतिशत सीटों पर जीतेगी।










