लोक संगीत, लोक नृत्य, खेल, मड़ई और व्यंजनों के
साथ पारम्परिक तरीके से मनाया गया हरेली तिहार
रायपुर। राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में गुरुवार 28 जुलाई को परंपरागत रूप से छत्तीसगढ़ का पहला त्यौहार हरेली धूमधाम से मनाया गया।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अपनी धर्मपत्नी मुक्तेश्वरी बघेल और अन्य परिजनों के साथ विधिवत रूप से ग्राम्य देवी-देवताओं, तुलसी माता, नांगर, खेती में काम आने वाले औजारों, गेड़ी और गौमाता की पूजा कर अच्छी फसल की कामना की।
https://www.youtube.com/watch?v=Z37KcbzuI2Y
उन्होंने पूरे प्रदेशवासियों को हरेली पर्व की बधाई और शुभकामनाएं दीं। पूरी तरह ग्रामीण परिवेश में सजे-धजे मुख्यमंत्री निवास में हरेली पर चारों ओर छत्तीसगढ़ी संस्कृति की छटा दिखाई दी। आयोजन में मौजूद लोगों ने छत्तीसगढ़ी लोक संगीत, लोक नृत्य, पारंपरिक गड़वा बाजा, राऊत नाचा, गेड़ी नृत्य, खेल, रैचुली और व्यजंनों का आनंद लिया। वहीं मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने लोक नृत्य कलाकारों के साथ गेड़ी नृत्य कर उनका उत्साह बढ़ाया।

मुख्यमंत्री बघेल ने अपनी बिटिया के संग हरेली पर रैचुली झूला का आनंद लिया
मुख्यमंत्री ने भौंरा में भी अपना हाथ आजमाया। उन्होंने अपनी बेटी के साथ रैचुली (झूला) का भी आनंद लिया। कृषि मंत्री रविन्द्र चौबे, उद्योग मंत्री कवासी लखमा स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम, वन मंत्री मोहम्मद अकबर, महिला आयोग की अध्यक्ष किरणमयी नायक ने भी रैचुली का लुत्फ उठाया।
मुख्यमंत्री निवास में आयोजित हरेली पर्व के कार्यक्रम में गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू, वन मंत्री मोहम्मद अकबर, उद्योग मंत्री कवासी लखमा, खाद्य मंत्री अमरजीत भगत, स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम, महिला एवं बाल विकास मंत्री अनिला भेंड़िया, संसदीय सचिव चिंतामणि महाराज, चन्द्रदेव राय, गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष महंत राजेश्री राम सुंदर दास, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. किरणमयी नायक, राज्य खाद्य आपूर्ति निगम के अध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल, छत्तीसगढ़ राज्य खनिज विकास निगम के अध्यक्ष गिरीश देवांगन, मुख्यमंत्री के सलाहकार प्रदीप शर्मा विधायक सत्यनारायण शर्मा, अनूप नाग,चन्दन कश्यप, अनिता योगेन्द्र शर्मा, महापौर एजाज ढेबर, सभापति प्रमोद दुबे और पूर्व सांसद श्रीमती छाया वर्मा सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।
दिल्ली में दिखी छत्तीसगढ़ी संस्कृति और पर्व की झलक
छत्तीसगढ़ भवन में भी धूमधाम से मनाया ‘हरेली’ पर्व

नई दिल्ली में हरेली त्यौहार की झलक
देश की राजधानी दिल्ली में लोग राज्य की लोक संस्कृति से जुड़ सकें इसके लिए गुरुवार 28 जुलाई को छत्तीसगढ़ भवन में हरेली पर्व का आयोजन किया गया।
हरेली पर नई दिल्ली की लुटिएन्स ज़ोन में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ ही छत्तीसगढ़ी पकवानों की जमकर खुशबू बिखरी। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के पारंपरिक व्यंजनों का भी दिल्लीवासियों ने जमकर लुत्फ उठाया।
छत्तीसगढ़ भवन में हरेली उत्सव के दौरान गेड़ी चढ़ने के पारंपरिक खेल ने लोगों को आकर्षित किया और जिसमें सबने बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया। इस आयोजन में छत्तीसगढ़ के आवासीय आयुक्त अजीत वसंत सहित अन्य गणमान्य अतिथि व दिल्ली में रहने वाले छत्तीसगढ़वासी बड़ी संख्या में शामिल रहे।
https://www.youtube.com/watch?v=jotylwEaqTo










