रायपुर: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज जशपुर जिले के दौरे पर रहेंगे. जहां मुख्यमंत्री दुलदुला में आयोजित मतदाता अभिनंदन कार्यक्रम में शामिल होंगे. निर्धारित दौरा कार्यक्रम के अनुसार सीएम साय सुबह 11.05 बजे पुलिस ग्राउंड हेलीपैड रायपुर से प्रस्थान करेंगे. वे दोपहर 12.25 बजे जशपुर जिले के अंतर्गत ग्राम दुलदुला पहुंचेंगे. मुख्यमंत्री वहां दुलदुला स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के मैदान में आयोजित मतदाता अभिनंदन कार्यक्रम में शामिल होंगे. इसके पश्चात वे दोपहर 2.05 बजे दुलदुला से रवाना होंगे और 3.25 बजे पुलिस ग्राउंड हेलीपैड रायपुर लौट आएंगे.
डिप्टी सीएम साव का दौरा कार्यक्रम
उप मुख्यमंत्री अरुण साव आज मुंगेली जिले के दौरे पर रहेंगे. इस दौरान वे मुंगेली में सियान सदन का लोकार्पण करेंगे. इसके साथ ही मतदाता अभिनंदन कार्यक्रम में भी शामिल होंगे. तय कार्यक्रम के अनुसार डिप्टी सीएम अरुण साव सुबह 8:30 बजे रायपुर से मुंगेली के लिए रवाना होंगे.
बीएससी नर्सिंग प्रवेश परीक्षा आज
छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मण्डल द्वारा आज 14 जुलाई को बीएससी नर्सिंग (BSC N) प्रवेश परीक्षा का आयोजन प्रदेश के 32 जिला मुख्यालयों में किया जाएगा. व्यापमं द्वारा परीक्षा के संबंध में परीक्षार्थियों को निर्देशित किया गया है कि परीक्षा दिवस को परीक्षार्थी लगभग एक घंटे पूर्व अपने निर्धारित परीक्षा केन्द्र में उपस्थित हो, जिससे उनका मूल पहचान पत्र से उनका पहचान किया जा सके और परीक्षा केंद्र में जाने के लिए अनुमति दी जा सके. किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा केन्द्र के सम्बंध में कठिनाई होती है तो व्यापमं के हेल्पलाइन नंबर 0771-2972780 एवं मोबाइल नंबर 8269801982 पर संपर्क कर सकते हैं.
राज्यपाल रमेश बैस कल आएंगे रायपुर
महाराष्ट्र के राज्यपाल रमेश बैस 15 जुलाई को एक दिवसीय प्रवास पर छत्तीसगढ़ आएंगे. वे सोमवार सुबह 8 बजे मुंबई से रायपुर पहुंचेंगे. अपने प्रवास के दौरान रायपुर में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे और दूसरे दिन 16 जुलाई की शाम मुंबई लौटेंगे.











