Advertisement Carousel

पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दामों को लेकर पीएम मोदी का बयान, इन राज्यों से वैट कम करने की अपील

देश में पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बयान सामने आया है। कोविड-19 को लेकर बुलाई गई मुख्यमंत्रियों की मीटिंग के दौरान तेल कीमतों का भी जिक्र आया। पीएम मोदी ने कहा कि पेट्रोल डीजल के बढ़ते दाम का बोझ कम करने के लिए केंद्र सरकार ने एक्साइज ड्यूटी में पिछले साल नवंबर में कमी की थी। राज्यों से भी आग्रह किया गया था कि वो अपने यहां टैक्स कम करें। कुछ राज्यों ने अपने यहां टैक्स कम कर दिया, लेकिन कुछ राज्यों ने अपने लोगों को इसका लाभ नहीं दिया।

प्रधानमंत्री मोदी ने कुछ राज्यों पर निशाना साधते हुए कहा कि महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, केरल, झारखंड, तमिलनाडु ने किसी न किसी वजह से केंद्र सरकार की बातों को नहीं माना और उन राज्य के लोगों पर बोझ पड़ता रहा। मेरी अपील है कि अब वैट कम करके आप नागरिकों को इसका लाभ पहुंचाएं।

पीएम मोदी ने तेल कीमतों में महंगाई की वजह रूस-यूक्रेन युद्ध को बताया। मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जो युद्ध की परिस्थिति पैदा हुई है उससे सप्लाई चैन पर असर पड़ा है। ऐसे माहौल में दिनों-दिन चुनौतियां बढ़ती जा रही है। ऐसे में केंद्र और राज्य के बीच तालमेल को और बढ़ाना जरूरी हो गया है।