Advertisement Carousel

छत्तीसगढ़ में आज भारी बारिश का अलर्ट, अगले 3 दिन अच्छी बारिश के संकेत, IMD की चेतावनी…

भिलाई। इन दिनों मौसम में लगातार बदलाव हो रहे हैं। तेज धूप के बीच लगभग हर दिन बारिश जारी है। शुक्रवार को भी दुर्ग जिले में बारिश हुई। अलसुबह पहले 4.2 मिमी. पानी बरसा, वहीं दोपहर में 2.6 मिमी. बारिश दर्ज की गई। गुजरते मानूसन के बीच भले ही हल्की बारिश जारी है, लेकिन इससे तापमान पर बहुत अधिक प्रभाव नहीं पड़ रहा है।

शुक्रवार को दिन का अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसमें सामान्य से एक डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई, वहीं न्यूनतम तापमान में अभी भी औसत से 4.9 डिग्री की गिरावट बनी हुई है, जिसके बाद पारा 19.2 डिग्र्री दर्ज किया गया है। मौसम विशेषज्ञ एचपी चंद्रा ने बताया कि, अभी अगले तीन दिन प्रदेश में अधिकांश हिस्साें में बारिश बनी रहेगी। शनिवार से वर्षा की गतिविधियां और बढ़ने की भी प्रबल संभावना है।

बदल रहा है मौसम तंत्र- मौसम विभाग

मौसम विशेषज्ञ एचपी चंद्रा ने बताया कि, एक निम्न दाब का क्षेत्र पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी और उससे लगे उत्तर पश्चिम बंगाल की खाड़ी उत्तर आंध्र तक और दक्षिण उड़ीसा तट से दूर बना हुआ है। इसके साथ ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण 5.8 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। इसके पश्चिम उत्तर पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए दक्षिण उड़ीसा और उससे लगे उत्तर आंध्रप्रदेश और दक्षिण छत्तीसगढ़ में अगले दो दिनों में पहुंचने की संभावना है।

वहीं एक द्रोणिका पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी और उससे लगे उत्तर पश्चिम बंगाल की खाड़ी में स्थित निम्न दाब के केंद्र से दक्षिण महाराष्ट्र तक छत्तीसगढ़ विधान होते हुए 3.1 किलोमीटर से 5.8 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। इसके प्रभाव से 13 सितंबर को अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने अथवा गरज चमक के साथ छींटे पड़ेेंगे। प्रदेश में एक दो स्थानों पर गरज चमक के साथ वज्रपात व वर्षा हो सकती है।