Advertisement Carousel

कांग्रेस की विस्तारित कार्यसमिति की बैठक, बिहार चुनाव से शुरू होगी मोदी सरकार के भ्रष्ट शासन की उल्टी गिनती: खरगे…

नई दिल्ली। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा है कि बिहार विधानसभा चुनाव देश के लिए मील का पत्थर साबित होगा और यही मोदी सरकार के भ्रष्ट शासन की उल्टी गिनती की शुरुआत होगी। पटना में कांग्रेस की विस्तारित कार्यसमिति की बैठक में उन्होंने मोदी सरकार पर लोकतंत्र, अर्थव्यवस्था और विदेश नीति को तबाह करने का आरोप लगाया। खरगे ने कहा कि देश में आर्थिक मंदी, बेरोजगारी, सामाजिक ध्रुवीकरण और संवैधानिक संस्थाओं की कमजोरी चरम पर है। उन्होंने पूछा कि जब पिछले 10 साल में आमदनी नहीं बढ़ी, सिर्फ महंगाई बढ़ी है, तो देशवासी अधिक खर्च कैसे करेंगे?

खरगे ने कहा कि ग्रामीण उपभोग पिछले 50 वर्षों में सबसे कम स्तर पर है, असमानता बढ़ी है और किसानों की आय दोगुनी नहीं हो सकी। एनडीए गठबंधन में आंतरिक कलह खुलकर सामने आ गई है। नीतीश कुमार को भाजपा ने मानसिक रूप से सेवानिवृत्त मान लिया है और अब वे भाजपा के लिए बोझ बनते जा रहे हैं।

विदेश नीति पर सवाल

कार्यसमिति में पारित प्रस्ताव में सरकार की विदेश नीति को विफल बताया गया। प्रस्ताव में कहा गया कि अमरीका-चीन संतुलन बनाने में नाकामी, चीन का अतिक्रमण और पड़ोसी देशों का चीन की ओर झुकाव भारत की रणनीतिक कमजोरी के रूप में सामने आया है। कांग्रेस ने इसे देश की सुरक्षा और वैश्विक स्थिति के लिए गंभीर चुनौती बताया।