नई दिल्ली। वियना से दिल्ली आ रहे एयर इंडिया के बोइंग 787 विमान को गुरुवार को तकनीकी खराबी के कारण दुबई के लिए डायवर्ट करना पड़ा। विमान ने ऑटो पायलट रीसेट होने के बाद शुक्रवार दोपहर सुरक्षित रूप से इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लैंड किया।
एयर इंडिया ने कहा कि विमान में कोई सुरक्षा समस्या नहीं थी। इस बीच, भारतीय पायलट संघ (एफआइपी) ने विमानन मंत्रालय और डीसीजीए से सभी बोइंग 787 विमानों की उड़ानों पर जांच होने तक रोक लगाने और विमानों के रखरखाव का विशेष ऑडिट करवाने की मांग की है।
यह एक सप्ताह में इसी मॉडल के ड्रीमलाइनर के साथ दूसरी घटना है। इससे पहले 4 अक्टूबर को एयर इंडिया के एक ड्रीमलाइनर को इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी थी।









