Advertisement Carousel

रायपुर के रजवाड़ा रिसॉर्ट में बड़ा हादसा, रेस्टोरेंट की फॉल सीलिंग गिरी, कई घायल, अस्पताल में इलाज जारी

राजधानी के वीआईपी रोड स्थित रजवाड़ा रिसॉर्ट में शुक्रवार रात एक गंभीर हादसा हो गया। रिसॉर्ट के रेस्टोरेंट में खाना खा रहे लोगों पर अचानक भारी फॉल सीलिंग गिर गई, जिससे चार लोग घायल हो गए। घायलों के सिर में चोट आई है और उनका इलाज अस्पताल में जारी है।

हादसे के समय रेस्टोरेंट में करीब 25 से ज्यादा लोग मौजूद थे। फॉल सीलिंग गिरते ही वहां अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार शुरू हो गई। घायल लोगों को तत्काल आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां कुछ की हालत गंभीर होने पर उन्हें आईसीयू में रखा गया है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जिस हॉल में रेस्टोरेंट संचालित हो रहा था, वह निर्माणाधीन था। भारी सजावटी डिजाइन और लाइटिंग के कारण फॉल सीलिंग का वजन अधिक बताया जा रहा है, जिससे यह हादसा हुआ।

घटना माना थाना क्षेत्र की है। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की गई। हालांकि अब तक इस मामले में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।

रजवाड़ा रिसॉर्ट प्रबंधन ने घायलों के इलाज में सहयोग की बात कही है, जबकि प्रशासन ने निर्माण कार्य और सुरक्षा मानकों से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही है।