Advertisement Carousel

CG Morning News : राजिम कुंभ कल्प के समापन में CM साय होंगे शामिल… शिवालयों में दर्शन के लिए भक्तों का तांता… रेडियो कार्यक्रम ‘जिले की चिट्ठी’ का आज प्रसारण… उर्वरकों की कीमत बढ़ाना किसान विरोधी निर्णय : बैज… पढ़ें और भी खबरें

CG Morning News : रायपुर. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज राजिम कुंभ कल्प के समापन समारोह में शामिल होंगे. निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक, वे दोपहर 12:05 बजे रायगढ़ जिले के बाबाधाम कोसमनारा में आयोजित महाशिवरात्रि पर्व स्थापना दिवस, शपथ ग्रहण और सम्मान समारोह में शामिल होंगे. इसके बाद दोपहर 2:10 बजे रायगढ़ से रायपुर लौटेंगे. शाम 5:15 बजे रायपुर से राजिम के लिए प्रस्थान करेंगे और शाम 6 बजे राजिम कुंभ कल्प के समापन समारोह में शामिल होंगे.

शाही स्नान, विशाल शोभायात्रा और धार्मिक अनुष्ठानों से राजिम कल्प कुंभ का होगा समापन

महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर त्रिवेणी संगम के तट पर शाही स्नान, विशाल शोभायात्रा और धार्मिक अनुष्ठानों के साथ मेले का समापन किया जाएगा. माघ पूर्णिमा से महाशिवरात्रि तक चलने वाले इस धार्मिक आयोजन में प्रदेशभर से श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा है. राजिम में संतों, धर्माचार्यों, नागा साधुओं, विभिन्न अखाड़ों के संत-महंत और महामंडलेश्वरों की उपस्थिति में समापन कार्यक्रम संपन्न होगा. त्रिवेणी संगम के तट पर पर्वस्नान, दान-पुण्य, यज्ञ, धर्म प्रवचन, भजन-कीर्तन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है. महाशिवरात्रि के अवसर पर विशेष शाही स्नान और शोभायात्रा आकर्षण का केंद्र रहेंगे.

शिवलयों में दर्शन के लिए भक्तों का तांता

महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर प्रदेशभर के शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी जा रही है. भक्त चार प्रहर की पूजा-अर्चना, शिवलिंग पर जलाभिषेक और विशेष अनुष्ठान कर रहे हैं. महाशिवरात्रि व्रत का पारण 16 फरवरी को सुबह 6:59 बजे से दोपहर 3:24 बजे तक किया जाएगा. ज्योतिषीय मान्यताओं के अनुसार इस वर्ष महाशिवरात्रि पर 10 विशेष शुभ योगों का संयोग बन रहा है, जिसे अत्यंत फलदायी माना जा रहा है. राजधानी रायपुर के बाबा हटकेश्वर नाथ मंदिर, त्रिवेणी संगम पर स्थित कुलेश्वर महादेव मंदिर और कवर्धा के भोरमदेव मंदिर में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की सुबह से भीड़ पहुंची हुई है.

रेडियो कार्यक्रम जिले की चिट्ठी का प्रसारण आज

आकाशवाणी रायपुर में रविवार शाम 6.05 बजे “जिले की चिट्ठी” कार्यक्रम का प्रसारण किया जाएगा. इस कार्यक्रम को छत्तीसगढ़ स्थित आकाशवाणी के सभी केन्द्र रिले करेंगे. इस बार के अंक में “बस्तर” जिले की गतिविधियों के बारे में जानकारी दी जाएगी.

उर्वरकों की कीमत बढ़ाना किसान विरोधी निर्णय : बैज

रायपुर. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने खेती में उपयोग किये जाने वाले जरूरी उर्वरको एनपीके और पोटाश की कीमतें बढ़ाये जाने के केन्द्र के निर्णय का विरोध किया है. एनपीके की कीमत 1,720 रुपए प्रति बोरी से बढ़ाकर 1,900 रुपए और पोटाश की कीमत 1,500 से बढ़ाकर 1,800 रुपए प्रति बोरी कर दिया गया है. एनपीके की कीमत पिछले दो सालों में 430 रुपए प्रति बोरी बढ़ाया गया है. उन्होंने कहा, भाजपा सरकार की दुर्भावना के चलते किसानों पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है और खेती करना दिन-ब-दिन मुश्किल होता जा रहा है. किसान विरोधी यह सरकार हर बजट में खाद सब्सिडी घटा रही है, जिसका सीधा असर कृषि लागत में दिख रहा है. भाजपा की सरकार किसानों के हितों पर कुठाराघात कर रही है.

मैनपाट महोत्सव के अंतिम दिन होंगे रंगारंग कार्य्रक्रम

मैनपाट महोत्सव का आज अंतिम दिन है. आज प्रसिद्ध बॉलीवुड गायिका कनिका कपूर, रायगढ़ घराने की कथक नृत्यांगना ज्योतिश्री वैष्णव और छत्तीसगढ़ी गायक आयुष नामदेव अपनी प्रस्तुतियों से समा बांधेंगे. इसके साथ ही स्कूली बच्चों द्वारा भी रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे.