CG Morning News : रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा का बजट सत्र आज से शुरू हो रहा है। सत्र के पहले दिन राज्यपाल रमेन डेका का अभिभाषण होगा। वहीं वित्त मंत्री ओपी चौधरी वर्ष 2025-26 का आर्थिक सर्वेक्षण सदन में पेश करेंगे। विधानसभा सचिवालय को सत्र के लिए अब तक कुल 2,813 प्रश्न प्राप्त हुए हैं, जिनमें 1,437 तारांकित और 1,376 अतारांकित प्रश्न शामिल हैं। कल यानी मंगलवार को 2026-27 का मुख्य बजट सदन में पेश किया जाएगा।
कांग्रेस विधायक दल की बैठक आज
रायपुर। कांग्रेस विधायक दल की बैठक आज शाम 4 बजे प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में आयोजित की जाएगी। बैठक की अध्यक्षता विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत करेंगे। इस बैठक में कांग्रेस के सभी विधायक शामिल होंगे। बैठक में बजट सत्र को लेकर पार्टी की रणनीति तैयार की जाएगी।
छत्तीसगढ़ राज्य न्यायिक अकादमी की ई-स्मारिका का डिजिटल विमोचन
रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य न्यायिक अकादमी की ई-स्मारिका का डिजिटल विमोचन किया गया है। “नर्चरिंग द फ्यूचर ऑफ द ज्यूडिशियरी” शीर्षक से जारी इस ई-स्मारिका का लोकार्पण चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया सूर्यकांत द्वारा किया गया। ई-स्मारिका में वर्ष 2003 से अब तक छत्तीसगढ़ राज्य न्यायिक अकादमी की यात्रा, उपलब्धियां, प्रशिक्षण कार्यक्रमों और न्यायिक विकास से जुड़े प्रयासों का विस्तृत संकलन प्रस्तुत किया गया है। इसमें दंतेवाड़ा, बस्तर, सरगुजा जैसे संवेदनशील क्षेत्रों सहित राज्य के हर जिले में न्यायिक संवेदनशीलता, प्रशिक्षण और न्याय तक पहुंच बढ़ाने पर जोर दिया गया है।
छत्तीसगढ़ महिला टीम सेमीफाइनल में
रायपुर। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) द्वारा आयोजित सीनियर वुमेंस वनडे क्रिकेट टूर्नामेंट 2025-26 में छत्तीसगढ़ की महिला टीम ने स्वर्णिम इतिहास रच दिया है। रविवार को चंडीगढ़ में खेले गए रोमांचक क्वार्टर फाइनल मुकाबले में छत्तीसगढ़ ने देश की दिग्गज टीमों में शुमार मुंबई को 6 विकेट से करारी शिकस्त देकर पहली बार सेमीफाइनल में प्रवेश किया। इस जीत से भारतीय घरेलू महिला क्रिकेट में छत्तीसगढ़ की मजबूत उपस्थिति दर्ज हो गई है।
मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का छत्तीसगढ़ का फैसला पूरी तरह सही साबित हुआ। सटीक लाइन-लेंथ और कसी हुई फील्डिंग के दबाव में मुंबई की पूरी टीम 46.5 ओवरों में महज 180 रनों पर सिमट गई। मुंबई के लिए पूनम राउत ने सर्वाधिक 41 रनों की पारी खेली, लेकिन छत्तीसगढ़ की महक नरवसे और अदिति पंवार की घातक गेंदबाजी के सामने कोई भी बड़ी साझेदारी नहीं बन सकी। दोनों गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3-3 विकेट झटके, जबकि प्रीति यादव ने दो विकेट लेकर मुंबई को बैकफुट पर धकेल दिया। 181 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी छत्तीसगढ़ की टीम ने संयम और परिपक्वता का परिचय दिया। सलामी बल्लेबाज श्रृष्टि शर्मा ने 75 रनों की शानदार पारी खेलकर जीत की मजबूत नींव रखी। उन्होंने महक नरवसे (26 रन) के साथ पहले विकेट के लिए 79 रनों की अहम साझेदारी की। मध्यक्रम में नेहा बड़वाइक ने धैर्यपूर्ण बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 35 रन बनाए और कप्तान कृति गुप्ता (16 रन) के साथ मिलकर 47.5 ओवरों में टीम को लक्ष्य के पार पहुंचा दिया। शानदार प्रदर्शन के लिए श्रृष्टि शर्मा को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।
श्री श्री यूनिवर्सिटी का प्रिंसिपल्स मीट आज
रायपुर। श्री श्री यूनिवर्सिटी द्वारा सोमवार को होटल आदित्य मौदहापारा में प्रिंसिपल्स मीट संकल्प-2047 का आयोजन किया जा रहा है। सुबह 10 से दोपहर एक बजे तक चलने वाले इस सम्मेलन में छत्तीसगढ़ के प्रमुख शिक्षाविद् और प्राचार्य भारत की भावी शिक्षा नीति पर मंथन करेंगे। इस कान्क्लेव में एनईपी-2020, एजुकेशन 5.0 और नवाचारी शिक्षण पद्धतियों पर विशेष चर्चा होगी। विद्यार्थियों में बढ़ते डिजिटल एडिक्शन, तनाव और मानसिक स्वास्थ्य चुनौतियों के समाधान के लिए “प्रोजेक्ट दिशा” का शुभारंभ किया जाएगा। आर्ट आफ लिविंग के राज्य मीडिया समन्वयक दीपेंद्र दीवान ने बताया कि यह आयोजन प्राचीन ज्ञान और आधुनिक मनोविज्ञान के समन्वय से भावी पीढ़ी को सशक्त बनाने की पहल है।
छत्तीसगढ़ के वरुण की घातक गेंदबाजी, 20 ओवर में 42 रन देकर चटकाए 6 विकेट
रायपुर। नवा रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेली जा रही अंडर-23 कर्नल सीके नायडू ट्रॉफी क्रिकेट के क्वार्टरफाइनल मुकाबले में छत्तीसगढ़ का सामना राजस्थान से हो रहा है। रविवार को मैच के दूसरे दिन छत्तीसगढ़ के स्पिन गेंदबाज वरुण सिंह भुई ने शानदार गेंदबाजी करते हुए राजस्थान को बड़े स्कोर से दूर रखा। वरुण सिंह भुई ने अपने 20 ओवर की गेंदबाजी में 42 रन देकर 6 विकेट चटकाए। उनकी घातक गेंदबाजी के चलते राजस्थान की टीम 9 विकेट खोने के बाद दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक छत्तीसगढ़ से 119 रन पीछे चल रही है।
21 फरवरी से शुरू हुए इस मुकाबले में टॉस जीतकर राजस्थान ने पहले फील्डिंग करने का फैसला लिया था। पहले बल्लेबाजी करते हुए छत्तीसगढ़ की शुरुआत अच्छी नहीं रही। पिछले मैच में शतक लगाने वाले ओपनर आयुष पांडेय 21 रन बनाकर आउट हो गए, जबकि शोभित शर्मा खाता भी नहीं खोल सके। मध्यक्रम में मयंक वर्मा ने 81 रन और राहुल प्रधान ने 58 रनों की उपयोगी पारी खेलकर टीम को संभाला। दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए 112 रनों की अहम साझेदारी हुई।











