Advertisement Carousel

CG Morning News : CM साय इन कार्यक्रमों में होंगे शामिल, विधानसभा बजट सत्र का पांचवां दिन, सैकड़ों आत्मसमर्पित नक्सली करेंगे विधानसभा भ्रमण, मूकबधिर दिव्यांगजनों के लिए लगेगा प्लेसमेंट कैंप

CG Morning News : रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज राजधानी रायपुर में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होंगे। वे एक निजी होटल में आयोजित सिटी गैस अवसंरचना उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद दोपहर 1:10 बजे से शाम 5:30 बजे तक मुख्यमंत्री विधानसभा सत्र में हिस्सा लेंगे और सदन की कार्यवाही में हिस्सा लेंगे।

विधानसभा बजट सत्र का आज पांचवां दिन

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र का आज पांचवां दिन है। सदन की कार्यवाही की शुरुआत प्रश्नकाल से होगी। इस दौरान मंत्री रामविचार नेताम, ओपी चौधरी और राजेश अग्रवाल अपने-अपने विभागों से जुड़े प्रश्नों के जवाब देंगे। सदन में राज्य विद्युत नियामक आयोग, मनरेगा और गौसेवा आयोग की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की जाएगी। ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के तहत राष्ट्रीय राजमार्ग 149 B बायपास जमीन मुआवजा मामला गूंजेगा। साथ ही रामचंद्रपुर के पीएमश्री आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय को परीक्षा केंद्र से वंचित किए जाने का मुद्दा भी उठाया जाएगा। इसके अलावा याचिकाएं और विभिन्न समितियों की रिपोर्ट भी सदन के पटल पर रखी जाएंगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 15 दिसंबर 2025 के प्रश्नोत्तरी के उत्तर को लेकर विशेष वक्तव्य देंगे। वित्तीय वर्ष 2026–27 के आय-व्यय पर सामान्य चर्चा भी जारी रहेगी। वहीं भिलाई सेक्टर-9 अस्पताल को मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल में उन्नत करने के लिए अशासकीय संकल्प लाया जाएगा। आदिवासी छात्रावासों के सुदृढ़ीकरण हेतु केंद्र से विशेष सहायता की मांग को लेकर भी एक अशासकीय संकल्प पेश किया जाएगा।

सैकड़ों आत्मसमर्पित नक्सली करेंगे विधानसभा भ्रमण

रायपुर। सैकड़ों आत्मसमर्पित नक्सली आज विधानसभा का भ्रमण करेंगे। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा स्वयं उन्हें विधानसभा लेकर जाएंगे। कार्यक्रम के अनुसार, सुबह करीब साढ़े 10 बजे सभी आत्मसमर्पित नक्सली विधानसभा पहुंचेंगे, जहां उन्हें सदन की कार्यप्रणाली और लोकतांत्रिक प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी। बता दें कि इससे पहले उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने सैकड़ों आत्मसमर्पित नक्सलियों के साथ रात्रिभोज किया था। इस दौरान उन्होंने सभी को राज्य सरकार की नई पुनर्वास नीति की जानकारी दी।

मूकबधिर दिव्यांगजनों के लिए प्लेसमेंट कैंप आज

रायपुर। मूकबधिर दिव्यांगजनों को रोजगार उपलब्ध कराने लिए प्लेसमेंट कैम्प का आयोजन किया जा रहा है। यह कैम्प विशेष रोजगार कार्यालय द्वारा 27 फरवरी को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक विशेष रोजगार कार्यालय पुराना पुलिस मुख्यालय परिसर सिविल लाइन में होगा। इस कैंप में वेयर हाउस हेल्पर के 20 पदों की भर्ती की जाएगी। चयनित अभ्यर्थियों का वेतन 13,777 रूपए होगा एवं कार्यक्षेत्र फ्लिपकार्ट एफसीएमएच तेन्दुआ रायपुर होगा।

डीटीपी ऑपरेटर, ग्राफिक्स डिजाइनर भर्ती परीक्षा 1 मार्च को

रायपुर। मुद्रण तथा लेखन सामग्री विभाग के समूह-3 डीटीपी ऑपरेटर एवं ग्राफिक्स आर्ट डिजाइनर के रिक्त पदों पर भर्ती के लिए व्यापमं द्वारा 1 मार्च को परीक्षा आयोजित की जाएगी। मंडल ने परीक्षा के प्रवेश पत्र जारी कर दिए हैं। अभ्यर्थी वेबसाइट पर प्रोफाइल लॉगिन पेज से प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। परीक्षार्थियों को परीक्षा के दिन दो घंटे पहले केंद्र में पहुंचना होगा। परीक्षार्थियों को मूल फोटो आईडी लेकर आना अनिवार्य है। बिना मूल आईडी के परीक्षा केन्द्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। अभ्यर्थियों हल्के रंग की आधी बांह वाले कपड़े पहनकर आना होगा। काले, गहरे, नीले, गहरे हरे, जामुनी, मैरून, बैगनी रंग व गहरे चॉकलेटी रंगके कपड़े पहनना वर्जित होगा। कान में किसी भी प्रकार का आभूषण वर्जित है।