रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज जशपुर जिले के दौरे पर रहेंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार वे दोपहर 2 बजे रायपुर से रवाना होंगे। मुख्यमंत्री रायपुर के पुलिस ग्राउंड हेलिपैड से हेलीकॉप्टर के जरिए सीधे बगीचा पहुंचेंगे, जहां से उनका दौरा कार्यक्रम शुरू होगा। दौरे के दौरान सीएम कांसाबेल क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। यहां वे स्थानीय विकास कार्यों और योजनाओं से जुड़े कार्यक्रमों में भाग लेंगे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद मुख्यमंत्री बगीचा स्थित अपने निवास पहुंचेंगे और जशपुर में ही रात्रि विश्राम करेंगे।
रामनवमी पर आज निकलेगी शोभायात्रा
रायपुर। रामनवमी के अवसर पर राजधानी रायपुर में इस वर्ष भव्य आयोजन की तैयारियां की जा रही है। शहर में धार्मिक उत्साह चरम पर है और विभिन्न स्थानों पर शोभायात्रा, झांकियां और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। रामनवमी के दिन यानि आज रायपुर में आकर्षक झांकियों और आतिशबाजी के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा में भगवान श्रीराम के जीवन प्रसंगों को दर्शाती झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी। शहर के प्रमुख मंदिरों में भगवान श्रीराम का जन्मोत्सव विधि-विधान और भक्ति भाव के साथ मनाया जाएगा। भजन-कीर्तन, पूजन और प्रसाद वितरण जैसे कार्यक्रम दिनभर चलते रहेंगे। विश्व हिंदू परिषद की अगुवाई में शहर के कई स्थानों पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
महाअष्टमी आज: रायपुर के देवी मंदिरों में उमड़े श्रद्धालु
रायपुर। नवरात्रि के महाअष्टमी के अवसर पर राजधानी रायपुर में भक्ति और आस्था का माहौल चरम पर है। सुबह से ही शहर के देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। शहर के प्रसिद्ध महामाया मंदिर और काली माता मंदिर समेत अन्य देवी मंदिरों में सुबह से ही विशेष पूजा-अर्चना, हवन और पूर्णाहुति की तैयारियां की गई है। श्रद्धालु बड़ी संख्या में पहुंचकर मां दुर्गा के दर्शन कर रहे हैं। महाअष्टमी के अवसर पर मंदिरों में पूरे दिन हवन-पूजन, मंत्रोच्चार और आरती, पूर्णाहुति के विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। धार्मिक मान्यता के अनुसार महाअष्टमी पर कन्या पूजन का विशेष महत्व होता है। पूजा-अर्चना के बाद कन्याओं को आमंत्रित कर उनका पूजन किया जाएगा और उन्हें भोजन कराया जाएगा।
1.15 करोड़ टैक्स बकाया, 25 बड़े डिफॉल्टरों पर कुर्की की तैयारी
बिलासपुर। शहर में संपत्ति कर वसूली को लेकर नगर निगम ने सख्ती बढ़ा दी है। निगम प्रशासन ने करीब 1 करोड़ 15 लाख रुपये के बकाया वाले 25 बड़े करदाताओं (डिफॉल्टरों) की सूची जारी कर दी है और उनके खिलाफ कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी गई है। नगर निगम ने साफ कर दिया है कि बकायादारों को एक महीने का अंतिम मौका दिया जा रहा है। यदि इस अवधि में टैक्स जमा नहीं किया गया तो नगर पालिक निगम अधिनियम 1956 की धारा 175 के तहत संपत्तियों की कुर्की (सीलिंग/अटैचमेंट) की कार्रवाई की जाएगी। निगम ने अलग-अलग वार्डों में राजस्व वसूली शिविर भी शुरू कर दिए हैं, ताकि लोग आसानी से अपना बकाया टैक्स जमा कर सकें। वित्तीय वर्ष समाप्त होने से पहले नगर निगम ने सभी करदाताओं से 31 मार्च तक बकाया संपत्ति कर जमा करने की अपील की है, ताकि किसी भी प्रकार की दंडात्मक कार्रवाई से बचा जा सके।
प्री-बीएड के लिए आवेदन शुरू, 11 जून को परीक्षा
रायपुर। छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम) ने प्री-बीएड 2026 प्रवेश परीक्षा का शेड्यूल जारी कर दिया है। इसके तहत ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 25 मार्च 2026 से शुरू होकर 24 अप्रैल 2026 शाम 5 बजे तक चलेगी। अभ्यर्थियों को 25 से 27 अप्रैल तक आवेदन में त्रुटि सुधार का अवसर दिया जाएगा। व्यापम के अनुसार, परीक्षा 11 जून 2026 को सुबह 10 बजे से दोपहर 12.15 बजे आयोजित की जाएगी। प्रवेश 1 जून 2026 को आधिकारिक साइट पर जारी किए जाएंगे। परीक्षा प्रदेश के 33 जिला मुख्यालयों में आयोजित होगी। ऑनलाइन आवेदन के दौरान अभ्यर्थियों को परीक्षा शुल्क का भुगतान करना होगा। हालांकि, छत्तीसगढ़ के स्थानीय अभ्यर्थियों को परीक्षा में शामिल होने पर शुल्क वापस कर दिया जाएगा।
प्री-पॉलीटेक्निक टेस्ट के लिए आवेदन 25 से शुरू
रायपुर। छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापमं) ने प्री-पॉलीटेक्निक टेस्ट- 2026 के लिए परीक्षा कार्यक्रम जारी कर दिया है। इसके तहत ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 25 मार्च 2026 से शुरू होकर 17 अप्रैल 2026 शाम 5 बजे तक चलेगी। अभ्यर्थियों को 18 से 20 अप्रैल तक आवेदन में त्रुटि सुधार का मौका भी दिया जाएगा। व्यापमं के अनुसार, परीक्षा 7 मई 2026 को सुबह 10 बजे से दोपहर 1.15 बजे तक आयोजित की जाएगी। प्रवेश पत्र 27 अप्रैल को आधिकारिक वेबसाइट पर जारी होंगे।
सहकारिता विभाग में कांग्रेस ने लगाया भ्रष्टाचार का आरोप
रायपुर। प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता घनश्याम राजू तिवारी ने सहकारिता विभाग में भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद और कमीशनखोरी के आरोप लगाए हैं। तिवारी ने कहा कि जिला सहकारी केंद्रीय बैंक रायपुर के करीब 850 कर्मचारियों की वैध वेतन वृद्धि रोकना इसका बड़ा उदाहरण है। ऐसे में विभाग अधिकारियों की भूमिका पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। इस मामले में केंद्र सरकार को हस्तक्षेप करना चाहिए। एक ओर जगदलपुर में चंदा लेकर कर्मचारियों के बकाया वेतन बहाल कर दिया गया, वहीं रायपुर के कर्मचारियों के मामले में जानबूझकर अड़ंगा लगाया जा रहा है।










