Advertisement Carousel

MMS वायरल केस : विधायक देवेंद्र यादव ने थाने में दिया फोटो और वीडियो का सैंपल, कहा – दबाव में नोटिस-नोटिस खेल रही पुलिस, ढाई साल में नहीं कर पाई जांच

दुर्ग। विधानसभा चुनाव के दौरान भिलाई विधायक देवेन्द्र यादव के एक बहुचर्चित एमएमएस वायरल मामले में एक बार फिर जांच तेज हो चुकी है। पुलिस की नोटिस के बाद आज विधायक देवेन्द्र यादव अपने फोटो और वीडियो का सैंपल देने भिलाई नगर कोतवाली थाना पहुंचे। ढाई साल पुराने इस मामले को लेकर यादव काफी आक्रामक नजर आए।

विधायक यादव ने कहा कि इस मामले में वे स्वयं प्रार्थी हैं, लेकिन पुलिस शासन और प्रशासन के दबाव में नोटिस नोटिस खेल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने उन्हें 6 अप्रैल को नोटिस भेजकर उसी दिन 11 बजे थाने में उपस्थित होने को कहा, लेकिन वह नोटिस ही डाक के जरिए दोपहर 1 बजे पहुंचा।

उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान वायरल किए गए इस एमएमएस से उनकी सामाजिक छवि को धुमिल करने की कोशिश की गई। आज ढाई साल बीतने के बाद भी पुलिस इसमें जांच नहीं कर पाई है। उन्होंने विधानसभा में भी मुद्दा उठाया था, क्योंकि जब भाजपा के एक मंत्री के कथित वीडियो की जांच सीबीआई से हो सकती है तो उनके मामले में सीबीआई से जांच क्यों नहीं कराई जा सकती। उनके साथ भी न्याय होना चाहिए।