जगदलपुर। जिले के बकावंड ब्लॉक में अचानक बदले मौसम ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया। बकावंड के टलनार गांव में शनिवार-रविवार को हुई तेज बारिश और ओलावृष्टि ने करीब 50 एकड़ में लगी फसलों को पूरी तरह तबाह कर दिया, जिससे किसानों को भारी नुकसान झेलना पड़ा है।
जानकारी के अनुसार, खेतों में तैयार खड़ी सब्जियां और मक्का की फसल कुछ ही मिनटों में ओलों की मार से बर्बाद हो गई। स्थानीय किसानों ने टमाटर, पत्तागोभी सहित कई मौसमी सब्जियों की खेती की थी और बेहतर पैदावार की उम्मीद में अच्छी-खासी लागत भी लगाई थी। लेकिन मौसम की मार ने उनकी सारी उम्मीदों को झटका दे दिया। खेतों में अब फसल की जगह नुकसान की तस्वीर साफ नजर आ रही है, वहीं मक्का की फसल भी जमीन पर बिछ चुकी है।
किसानों का कहना है कि उन्होंने कर्ज लेकर खेती की थी, ऐसे में फसल बर्बाद होने के बाद अब नुकसान की भरपाई कैसे होगी, यह सबसे बड़ी चिंता बन गई है। उनका कहना है कि अगर जल्द राहत नहीं मिली तो आर्थिक संकट और गहरा सकता है।
बता दें कि बस्तर जिले में शनिवार और रविवार को मौसम ने अचानक करवट ली थी। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक तेज बारिश और ओलावृष्टि दर्ज की गई, जिसका सबसे ज्यादा असर खेती-किसानी पर पड़ा है। पीड़ित किसानों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि फसल नुकसान का सर्वे जल्द कराया जाए और उन्हें उचित मुआवजा दिया जाए, ताकि वे इस आर्थिक संकट से उबर सकें।










