रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज पश्चिम बंगाल के दौरे पर रहेंगे। मुख्यमंत्री वहां आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे। इस दौरान उपमुख्यमंत्री अरुण साव, विजय शर्मा भी उनके साथ मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम में बीजेपी संगठन के कई पदाधिकारी भी शामिल होंगे। जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री का दौरा एक दिवसीय रहेगा और वे देर शाम तक रायपुर लौटेंगे।
फायरमैन भर्ती परीक्षा के लिए आवेदन शुरू
रायपुर। छत्तीसगढ़ में नगर सेना, अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाएं तथा एसडीआरएफ में फायरमैन भर्ती के लिए छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापमं) ने 8 मई से ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। अभ्यर्थी 5 जून 2026 शाम 5 बजे तक व्यापमं की वेबसाइट पर आवेदन कर सकेंगे। बता दें कि आवेदन शुल्क ऑनलाइन माध्यम से जमा होगा। व्यापम द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार आवेदन में त्रुटि सुधार के लिए 6 से 8 जून तक मौका दिया जाएगा। इसके बाद पात्र अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र 6 जुलाई को जारी किए जाएंगे। भर्ती परीक्षा 13 जुलाई को रायपुर में आयोजित होगी। परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12.15 बजे तक चलेगी।
माशिमं ने जारी किए डीपीएड परीक्षा के नतीजे
रायपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने डीपीएड परीक्षा के नतीजे शुक्रवार को घोषित किए। इस साल डीपीएड परीक्षा में प्रथम वर्ष में 51 और द्वितीय वर्ष में 52 परीक्षार्थी शामिल हुए थे। अभ्यर्थी अपने नतीजे माध्यमिक शिक्षा मंडल की वेबसाइट www.cgbse.nic. in पर देख सकते हैं।
झूलेलाल धाम में आज होगी महिला कबड्डी प्रतियोगिता
रायपुर। क्रीड़ा भारती छत्तीसगढ़ प्रांत की ओर से 9 मई को झूलेलाल धाम कटोरा तालाब में महिला कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता में रायपुर महानगर सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से महिलाएं प्रतिभागी के रूप में शामिल होंगी। आयोजन का उद्देश्य महिलाओं में साहस, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और खेल भावना को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम की संयोजिका नीता डुमरे, हर्षा साहू और भारवि वैष्णव हैं। क्रीड़ा भारती ने नागरिकों, खेल प्रेमियों और मातृशक्ति से कार्यक्रम में शामिल होकर सहयोग करने की अपील की है।
आज से नवकार नगर में सजेगा आस्था का महाकुंभ
रायपुर। राजधानी के लालपुर स्थित नवकार नगर में 9 से 15 मई तक जैन समाज का ऐतिहासिक और भव्य पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव आयोजित किया जाएगा। धर्मनिष्ठ स्व. वीरचंद डागा एवं सरोजदेवी डागा परिवार के सौजन्य से निर्मित श्वेत पाषाण के श्री मुनिसुव्रत स्वामी जिनालय एवं श्री मणिधारी जिनचंद्रसूरि दादावाड़ी की अंजन शलाका प्रतिष्ठा इस महोत्सव का मुख्य आकर्षण होगी। महोत्सव का शुभारंभ 10 मई को गुरु भगवंतों के भव्य वरघोड़ा प्रवेश के साथ होगा। 11 मई को च्यवन कल्याणक के अंतर्गत माता-पिता, इन्द्र-इन्द्राणी, प्रतिष्ठाचार्य चौदह स्वप्न दर्शन और रात्रि में विशेष स्टेज कार्यक्रम आयोजित होगा। 12 मई को जन्म कल्याणक के अवसर पर छप्पन दिक्कुमारीकाओं द्वारा इन्द्राणी महोत्सव और 13 मई को दीक्षा कल्याणक के अवसर पर भव्य रथयात्रा और दीक्षा विधि संपन्न होगी। 14 मई को महामंगलकारी प्रतिष्ठा दिवस के रूप में शुभ मुहूर्त में परमात्मा, गणधर, दादा गुरुदेव, देव-देवी, ध्वजादंड एवं कलश प्रतिष्ठा संपन्न कराई जाएगी। 15 मई को मंगल मंदिर द्वार उद्घाटन, श्री सत्तरभेदी पूजा और युगप्रधान दादा गुरुदेव पूजा के साथ महोत्सव का समापन होगा।










