Advertisement Carousel

CG Morning News : CM साय आज तीन जिलों का करेंगे दौरा… कमार परिवार PM आवास के लिए दंडवत, कांग्रेस ने की श्वेत पत्र जारी करने की मांग… रायपुर में आज होगा IPL का महामुकाबला… पढ़ें और भी खबरें

CG Morning News : रायपुर. सीएम विष्णुदेव साय आज जशपुर, कबीरधाम, मुंगेली का दौरा करेंगे. निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक, वह सुबह 10.30 बजे रायपुर हेलीपैड से जशपुर रवाना होंगे. ग्राम कलिबा में दोपहर 12.10 बजे से 1 बजे तक निजी कार्यक्रम में शामिल होंगे. इसके बाद दोपहर 1.10 बजे पर जशपुर से रवाना होकर 2.30 बजे कबीरधाम आएंगे. जहां वे अखिल भारतीय कुर्मी-क्षत्रिय महासभा में प्रदेश स्तरीय सम्मेलन एवं सम्मान समारोह में शामिल होंगे. कार्यक्रम के बाद दोपहर 3 बजे मुंगेली जाएंगे. मुंगेली कलेक्ट्रेट में डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा का अनावरण करेंगे. शाम 4 बजे दाऊपारा चौक में बाबा संत गुरु घासीदास और पडाव चौक में वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की प्रतिमा का अनावरण करेंगे. वहीं स्टेडियम मोड़ के पास भक्त माता कर्मा की प्रतिमा का अनावरण कर माल्यार्पण करेंगे. इसके अलावा सीएम साय शाम 4.30 बजे विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन, शिलान्यास, लोकार्पण करेंगे.

रायपुर में आज होगा IPL का महामुकाबला

रायपुर. राजाधानी रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में आज होगा IPL का महामुकाबला. 10 साल के बाद आईपीएल का सूखा खत्म होने जा रहा है. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और मुंबई इंडियंस के बीच आज जोरदार मुकाबला होगा. रोहित शर्मा और विराट कोहली की मौजूदगी फैंस में जोश भर देगी. हजारों की संख्या में क्रिकेट प्रेमी जुटेंगे. मैच शाम 7:30 बजे से शुरू होगा. मैच को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं.

कमार परिवार पीएम आवास के लिए दंडवत, कांग्रेस ने की श्वेत पत्र जारी करने की मांग

रायपुर. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि गरियाबंद जिले, देवभोग के माडागांव के सुशासन तिहार में कमार परिवार ने प्रधानमंत्री आवास के लिए जिला पंचायत सीईओ के पैर पर गिर कर आवास की मांग की. यह घटना भाजपा सरकार के प्रधानमंत्री आवास पर किये गये दावों की जमीनी हकीकत है. उन्होंने कहा, कमार जनजाति विशेष संरक्षित जनजाति है, इन्हें राष्ट्रपति का दत्तक पुत्र कहा जाता है तथा सभी शासकीय योजनाओं के केंद्र बिंदु में इन्हें रखा जाता है. जब कमार जनजाति का परिवार अपने प्रधानमंत्री आवास के लिए अधिकारी के सामने दंडवत होने को मजबूर है, तो अंदाजा लगाया जा सकता है कि राज्य में प्रधानमंत्री आवास की क्या हकीकत होगी? यह घटना सरकार के लिए शर्मनाक है.

आज होगी प्रयास विद्यालयों की प्रवेश परीक्षा

रायपुर. मुख्यमंत्री बाल भविष्य सुरक्षा योजना के अंतर्गत प्रदेश में संचालित प्रयास आवासीय विद्यालयों में सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 9वीं में प्रवेश के लिए प्राक्चयन परीक्षा (Pre-selection Test) का आयोजन 10 मई 2026 को किया जाएगा. बता दें कि परीक्षा के लिए विद्यार्थी 01 मई 2026 से 10 मई 2026 तक अपने प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे. प्रवेश पत्र डाउनलोड करने की अंतिम तिथि 10 मई को सुबह 9:30 बजे तक निर्धारित की गई है. परीक्षा का आयोजन 10 मई 2026 को प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 01:00 बजे तक किया जाएगा.