Advertisement Carousel

CG Morning News : केंद्रीय राज्य मंत्री पासवान आज आएंगे छत्तीसगढ़… BJP प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में CM साय होंगे शामिल… दूसरे लॉकडाउन की ओर बढ़ रहा देश, केंद्र बुलाए सर्वदलीय बैठक : बैज… पढ़ें और भी खबरें

CG Morning News : रायपुर. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज बीजेपी की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में शामिल होंगे. वह सुबह 11 बजे बीजेपी प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर पहुंचेंगे. जहां शाम 5 बजे तक चलने वाली बीजेपी प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में हिस्सा लेंगे. भाजपा प्रदेश कार्यालय से रवाना होकर 5:15 बजे मुख्यमंत्री निवास पहुंचेंगे. मुख्यमंत्री निवास पहुंचने के बाद उनका समय आरक्षित रहेगा.

केंद्रीय राज्य मंत्री पासवान आज आएंगे छत्तीसगढ़
रायपुर. भारत सरकार के ग्रामीण विकास राज्य मंत्री कमलेश पासवान 13 और 14 मई 2026 को छत्तीसगढ़ प्रवास पर रहेंगे. अपने दो दिवसीय प्रवास के दौरान वे ग्रामीण विकास मंत्रालय अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करेंगे. साथ ही ग्रामीण विकास से जुड़े जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं हितग्राहियों से संवाद करेंगे. केंद्रीय राज्य मंत्री पासवान 13 मई को राज्य स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेंगे. बैठक में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई), महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा), प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम), दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना (डीडीयू-जीकेवाई), राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम (एनएसएपी) सहित ग्रामीण विकास मंत्रालय की विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन एवं प्रगति की विस्तृत समीक्षा की जाएगी. इसके साथ ही वे वीबी-जी राम जी से संबंधित तैयारियों एवं ग्राम पंचायतों में संचालित ग्रामीण विकास गतिविधियों की भी जानकारी लेंगे. केंद्रीय राज्य मंत्री प्रवास के दौरान पंचायत प्रतिनिधियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ संगोष्ठी एवं संवाद कार्यक्रम का आयोजन भी प्रस्तावित है, जिसमें ग्रामीण विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा होगी. केंद्रीय राज्य मंत्री पासवान 14 मई को ग्रामीण विकास योजनाओं के सफल क्रियान्वयन एवं नवाचारों का अवलोकन कर लाभार्थियों से मुलाकात करेंगे. इस दौरान वे स्व-सहायता समूहों की महिलाओं एवं विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों से सीधे संवाद करेंगेे.

दूसरे लॉकडाउन की ओर बढ़ रहा देश, केंद्र बुलाए सर्वदलीय बैठक : बैज
रायपुर. कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने की अपील पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा, देश धीरे-धीरे दूसरे लॉकडाउन जैसी स्थिति की ओर बढ़ रहा है, लेकिन केंद्र सरकार जिम्मेदारी लेने के बजाय जनता से त्याग और कम उपयोग की अपील कर रही है. उन्होंने महंगाई, ईंधन संकट, बेरोजगारी और बढ़ती कीमतों को लेकर मोदी सरकार को घेरते हुए सर्वदलीय बैठक बुलाने की मांग की है.

कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय राजीव भवन में संवाददाताओं से चर्चा में दीपक बैज ने कहा, पिछले दो महीनों से देशभर में पेट्रोल, डीजल और गैस संकट गहराता जा रहा है, जबकि आम जनता लगातार महंगाई की मार झेल रही है. कांग्रेस नेता राहुल गांधी लगातार महंगाई को लेकर केंद्र सरकार को सचेत करते रहे, लेकिन मोदी सरकार महंगाई की सच्चाई छुपाती रही. अब जनता से त्याग करने की बात कर रही है. उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री की अपील ने लोगों को राहत देने के बजाय उनके जख्मों पर नमक छिड़कने का काम किया है.

मोदी कह रहे घर में बैठो, काम मत करो

दीपक बैज ने प्रधानमंत्री की वर्क फ्रॉम होम और कम यात्रा की अपील पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा, फील्ड में काम करने वाले, फेरी लगाने वाले, ठेला चलाने वाले और रोज कमाकर खाने वाले लोग घर बैठकर कैसे जीएंगे. देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने कहा था आराम हराम है, लेकिन आज मोदी सरकार लोगों को घर में बैठने की सलाह दे रही है. मोदी सरकार के कार्यकाल में रसोई का बजट पूरी तरह बिगड़ चुका है. खाद्य तेल, दाल, गैस, दूध और रोजमर्रा की जरूरी चीजों के दाम लगातार बढ़े हैं. गृहिणियां अब हर चीज में कटौती करने को मजबूर हैं. 2013 की तुलना में 2026 में आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में कई गुना वृद्धि हुई है.

मोदी सरकार ने तेल भंडारण पर नहीं किया काम

कांग्रेस ने आरोप लगाया कि पिछले 12 वर्षों में मोदी सरकार ने क्रूड ऑयल भंडारण क्षमता बढ़ाने के लिए कोई बड़ा कदम नहीं उठाया. उन्होंने कहा, देश के मौजूदा भंडारण केंद्र की यूपीए सरकार के दौरान बने थे और आज ईंधन संकट की स्थिति केंद्र सरकार की लापरवाही का परिणाम है.