Advertisement Carousel

CG Morning News : CM साय का आज दिल्ली दौरा… पेट्रोल-डीजल की कीमतों में फिर बढ़ोतरी… रायपुर शहर जिला भाजपा का प्रशिक्षण आज और कल… नीट पेपर लीक मामले में AAP करेगी प्रदर्शन… सरकारी स्कूलों में फीस वृद्धि पर कांग्रेस का प्रदर्शन… पढ़ें और भी खबरें

CG Morning News : रायपुर. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आज दिल्ली दौरे पर रहेंगे. वह आज रात करीब 9:30 बजे दिल्ली रवाना होंगे. दिल्ली में वरिष्ठ नेताओं से मुख्यमंत्री करेंगे मुलाक़ात. इस दौरान पार्टी हाईकमान से भी मुख्यमंत्री साय चर्चा कर सकते हैं . वह रात्रि विश्राम दिल्ली में ही करेंगे.

राजधानी में फिर बढ़े पेट्रोल डीजल के दाम
रायपुर. देशभर में पेट्रोल डीजल के दाम फिर से बढ़ गए हैं. पिछले 10 दिनों में तीसरी बार कीमतों में वृद्धी की गई है. बढ़ोतरी के बाद छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में पेट्रोल 92 पैसे, जबकि डीजल 99 पैसे महंगा हो गया है. अब फ्यूल स्टेशन पर पेट्रोल 105.36 रुपए प्रति लीटर और डीजल 98.47 रुपए प्रति लीटर मिलेगा.

उपमुख्यमंत्री साव आज करेंगे PHE के कामकाज की समीक्षा
रायपुर. उप मुख्यमंत्री अरुण साव आज लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यों की समीक्षा करेंगे. वे मंत्रालय में आयोजित बैठक में वरिष्ठ विभागीय अधिकारियों के साथ जल जीवन मिशन के कार्यों और ग्रीष्मकाल में पेयजल व्यवस्था की समीक्षा करेंगे. राज्य के सभी जिलों के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से बैठक में शामिल होंगे. लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ने सभी अधिकारियों को बैठक में पूर्ण तैयारी के साथ शामिल होने के निर्देश दिए हैं.

भाजपा रायपुर शहर जिला का प्रशिक्षण आज और कल
रायपुर. पं. दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण अभियान 2026 के तहत रायपुर शहर जिला भाजपा का प्रशिक्षण राजधानी के अग्रसेन धाम में 23 और 24 मई को आयोजित किया गया है. भाजपा के प्रदेश महामंत्री (संगठन) पवन साय दो दिवसीय इस प्रशिक्षण सुबह 10.30 बजे शुभारंभ करेंगे. समापन सत्र 24 मई को दोपहर 2.30 बजे प्रदेशाध्यक्ष किरणदेव और उपमुख्यमंत्री अरूण साव की मौजूदगी में होगा. इन दो दिनों में विभिन्न सत्रों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें वित्त मंत्री ओपी चौधरी, उपाध्यक्ष नंदन जैन, प्रदेश महामंत्री नवीन मारकण्डेय, पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा अलग-अलग विषयों पर संबोधित करेंगे.

नीट पेपर लीक मामले में 9 दिनों बाद आप का प्रदर्शन
रायपुर. नीट यूजी पेपर लीक मामले में 9 दिनों बाद शुक्रवार को आम आदमी पार्टी ने राजधानी के कलेक्टोरेट के पास स्थित अंबेडकर चौक पर प्रदर्शन कर केंद्रीय शिक्षा मंत्री से इस्तीफा मांगा और इस संबंध में आप नेताओं ने राज्यपाल के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा. आप नेताओं ने सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि पेपर लीक मामले में जिम्मेदारी कब तय होगी? वर्ष 2017, 2021, 2024 और अब 2026 में पेपर लीक होना राजनीतिक संरक्षण के बिना संभव नहीं है. आप नेताओं ने पेपर लीक के बाद सामने आई आत्महत्या की घटनाओं का भी जिक्र किया और कहा कि पेपर लीक के बाद अभ्यर्थी और परिजन मानसिक तनाव में जी रहे हैं. आप नेताओं ने पंजाब सरकार की पहल का भी जिक्र करते हुए कहा कि नीट यूजी की परीक्षा में भाग लेने वाले सभी छात्रों को मुफ्त बस यात्रा की सुविधा प्रदान की है. छत्तीसगढ़ राज्य में भी छात्रों को मुआवजा देकर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाए. पेपर लीक मामले में केंद्रीय शिक्षामंत्री से इस्तीफा लिया जाए और जेपीसी का गठन किया जाए.

सरकारी स्कूलों में फीस वृद्धि पर कांग्रेस का प्रदर्शन
रायपुर. राज्य शासन द्वारा सरकारी स्कूलों में सालाना शुल्क में की गई बढ़ोतरी पर कांग्रेस बिफरी. फीस वृद्धि के खिलाफ कांग्रेस ने राजधानी में स्कूल शिक्षा विभाग के संयुक्त संचालक दफ्तर का घेराव किया. इस दौरान तख्तियां लेकर राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. शहर जिला कांग्रेस कमेटी के बैनर तले प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाए कि महंगाई के दौर में सरकार ने आपदा में अवसर तलाशते हुए फीस बढ़ाकर पालकों पर और बोझ लाद दिया. शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्रीकुमार मेनन की अगुवाई में कांग्रेसियों ने संयुक्त संचालक दफ्तर का घेराव करते हुए विरोध जताया. करीब तीन घंटे प्रदर्शन और नारेबाजी के बाद प्रदर्शनकारियों ने मुख्य गेट पर तालेबंदी भी कर दी. बाद में शिक्षा मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर फीस वृद्धि वापस लेने का भी दबाव बनाया. कांग्रेसियों ने मांग उठाई कि इस साल सभी शासकीय स्कूलों की संपूर्ण फीस माफ कर दी जाए. वहीं आरोप लगाए कि भाजपा सरकार ने लोगों को महंगाई में झोंककर वूसली का नया माध्यम खोज लिया है. महंगाई की मार के बीच वार्षिक शुल्क में वृद्धि ही भाजपा सरकार का दोगला चरित्र उजागर करता है. प्रदर्शन में विकास उपाध्याय, कुलदीप जुनेजा, शिवसिंह ठाकुर, देवेन्द्र यादव, सलाम रिजवी, नंदकुमार पटेल, सचिन अग्रवाल समेत बड़ी तादाद में पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल रहे.