रायगढ़. धरमजयगढ़ कॉलोनी स्थित गुडलक फ्यूल्स पेट्रोल पंप में डीजल-पेट्रोल वितरण को लेकर शुक्रवार को जमकर हंगामा हो गया. दरअसल, पेट्रोल पंप में स्टॉक की कमी का हवाला देकर डीजल देने से मना कर दिया गया. स्थानीय निवासी लीलाम्बर यादव का आरोप है कि उन्हें डीजल देने से मना कर दिया गया, जबकि उनके सामने अन्य वाहनों को आसानी से ईंधन दिया जा रहा था. घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई. इस दौरान पेट्रोल पंप प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी खुलकर सामने आई. लोगों ने ईंधन संकट के बीच भेदभावपूर्ण व्यवहार का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की.
नियमों का पालन नहीं करने का आरोप
लीलाम्बर यादव ने आरोप लगाया कि पेट्रोल पंप में नियमों का पालन समान रूप से नहीं किया जा रहा. एक ओर आम उपभोक्ताओं को डीजल नहीं होने की बात कही जा रही है, वहीं दूसरी ओर चुनिंदा वाहनों को ईंधन उपलब्ध कराया जा रहा है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो और यह पता लगाया जाए कि आखिर किन आधारों पर कुछ लोगों को डीजल दिया जा रहा था और दूसरों को लौटाया जा रहा था.
CCTV जांच की उठी मांग
घटना के बाद अब पेट्रोल पंप के CCTV फुटेज की जांच की मांग तेज हो गई है. लोगों का कहना है कि यदि कैमरों की रिकॉर्डिंग की निष्पक्ष जांच हो जाए, तो पूरे मामले का सच सामने आ सकता है. ग्रामीणों और वाहन चालकों ने प्रशासन से मांग की है कि डीजल वितरण व्यवस्था की निगरानी की जाए और यदि किसी प्रकार की अनियमितता या पक्षपात सामने आता है, तो संबंधित लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाए.










