Advertisement Carousel

सादगी की मिसाल: मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के सामूहिक विवाह में सात फेरे लेंगे विधायक दीपेश साहू…

रायपुर। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत होने वाले सामूहिक विवाह में अक्सर गरीब परिवार से जुड़े लोग, जो शादी का खर्च उठाने के काबिल नहीं होते, सात फेरे लिया करते हैं. लेकिन बेमेतरा विधायक दीपेश साहू नजीर पेश करने जा रहे हैं.

विधायक दीपेश साहू बेमेतरा जिला प्रशासन द्वारा 31 मई को मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में तरुणा साहू के साथ अन्य 23 जोड़ों के साथ सात फेरे लेंगे.

आयोजन में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के अलावा विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, उप मुख्यमंत्री द्वय अरुण साव एवं विजय शर्मा के अलावा सांसद व केंद्रीय मंत्री तोखन साहू, केबिनेट मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के अलावा अन्य विशिष्ट अतिथि शामिल होंगे.

विधायक दीपेश साहू के सादगी से भरे विवाह को लेकर क्षेत्र में चल रही चर्चा के बीच जिला प्रशासन सामूहिक विवाह कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने की तैयारी में जुटा हुआ है.