Advertisement Carousel

डॉ. पीयूष श्रीवास्तव JDA रायपुर के नए अध्यक्ष निर्वाचित, CGDF अध्यक्ष डॉ. हीरा सिंह लोधी ने दी बधाई

रायपुर। छत्तीसगढ़ डॉक्टर फेडरेशन (CGDF) के अध्यक्ष डॉ. हीरा सिंह लोधी ने जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन (JDA) रायपुर के अध्यक्ष पद पर डॉ. पीयूष श्रीवास्तव के निर्वाचित होने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि डॉ. पीयूष के नेतृत्व में संगठन चिकित्सकों, रेजिडेंट डॉक्टरों एवं मेडिकल छात्रों के हितों की रक्षा के लिए और अधिक मजबूती से कार्य करेगा।

 

इस अवसर पर डॉ. लोधी ने जेडीए के पूर्व अध्यक्ष डॉ. रेशम सिंह के ऐतिहासिक, संघर्षशील एवं दूरदर्शी नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उनके कार्यकाल ने जेडीए रायपुर को नई दिशा, नई पहचान और नई ऊर्जा प्रदान की है। उन्होंने चिकित्सकों एवं मेडिकल छात्रों से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाकर संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया।

 

डॉ. लोधी ने कहा कि डॉ. रेशम सिंह के नेतृत्व में जेडीए ने हॉस्टल सुविधाओं, पीजी चिकित्सकों के कार्य-परिस्थितियों, नीट पीजी परीक्षा से संबंधित विषयों, एफएमजीई विद्यार्थियों के हितों तथा अन्य छात्र-चिकित्सक मुद्दों पर उल्लेखनीय कार्य किया। उनके प्रयासों से कई महत्वपूर्ण समस्याओं के समाधान की दिशा में सार्थक प्रगति हुई और चिकित्सक समुदाय की आवाज़ को मजबूती मिली।

 

उन्होंने आगे कहा कि डॉ. रेशम सिंह ने मेडिकल कॉलेजों में छत्तीसगढ़ी पहचान, छात्र हितों और चिकित्सकों के सम्मान को नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनके नेतृत्व में जेडीए ने संघर्ष और संवाद दोनों माध्यमों से उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कीं।

 

डॉ. लोधी ने विश्वास जताया कि डॉ. पीयूष श्रीवास्तव इस मजबूत आधार को आगे बढ़ाते हुए संगठन को नई सफलताओं तक ले जाएंगे तथा चिकित्सकों और मेडिकल छात्रों की समस्याओं के समाधान हेतु प्रभावी नेतृत्व प्रदान करेंगे।

 

अंत में उन्होंने डॉ. पीयूष श्रीवास्तव को पुनः बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएँ दीं तथा कहा कि छत्तीसगढ़ डॉक्टर फेडरेशन चिकित्सकों के अधिकारों, सम्मान और कल्याण के लिए सदैव उनके साथ खड़ा रहेगा।