रायगढ़। छत्तीसगढ़ की रायगढ़ पुलिस को जुआ-सट्टा के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन अंकुश के तहत बड़ी सफलता मिली है। IPL फाइनल में GT Vs RCB पर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करते दो सटोरियों को गिरफ्तार किया है, जिनके कब्जे से मोबाइल फोन, नोट गिनने की मशीन और सट्टे की रकम 31 लाख 99 हजार 700 नगद बरामद किया गया है। मामले में सिंडिकेट से जुड़े 3 अन्य लोग फरार है, जिनकी तलाश की जा रही है।
क्या है पूरा मामला ?
दरअसल, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि खरसिया के गंज बाजार क्षेत्र में कुछ व्यक्ति IPL फाइनल मैच में ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे हैं। सूचना पर एक्शन लेते हुए साइबर थाना और चौकी खरसिया के अधिकारियों-कर्मचारियों की अलग-अलग टीमें गठित कर एक साथ मौके पर दबिश दी गई।
5 लोग मिलकर चलाते थे सट्टा सिंडिकेट
इस दौरान पुलिस ने गगन अग्रवाल और शुभम अग्रवाल को पकड़ा। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वो कई लोकल व्यक्तियों से नगद लेकर क्रिकेट सट्टा खिलवा रहे थे। आरोपियों ने यह भी बताया कि वो रिकेश राय, अर्जुन राठौर और साहिल अग्रवाल के साथ मिलकर सट्टा सिंडिकेट संचालित कर रहे थे।











