CG Morning News : रायपुर. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज गरियाबंद में पांच जिलों के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक करेंगे. जिला पंचायत के सभा कक्ष में दोपहर 3:30 बजे से शाम 6 बजे तक आयोजित होने वाली इस बैठक में गरियाबंद, महासमुंद, बलौदाबाजार, धमतरी और रायपुर जिले में संचालित विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की जाएगी. बैठक में संबंधित जिलों के कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक (एसपी) सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे. साथ ही क्षेत्र के सांसद, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे, जिनके साथ मुख्यमंत्री योजनाओं के क्रियान्वयन और क्षेत्रीय विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करेंगे.
आज से राज्य सेवा मुख्य परीक्षा 2025
रायपुर. छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग द्वारा राज्य शासन के विभिन्न विभागों में 265 पदों पर भर्ती के लिए राज्य सेवा (मुख्य) परीक्षा 2025 का आयोजन 6 जून से 9 जून के बीच निर्धारित है. मुख्य परीक्षा के लिए अंबिकापुर, बिलासपुर, दुर्ग, जगदलपुर और रायपुर जिले में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं. परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित की जाएगी. प्रथम पाली की परीक्षा सुबह 9 से 12 बजे के बीच, दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 2 से शाम 5 बजे के बीच निर्धारित है. 6 जून को लैंग्वेज और निबंध, दूसरे दिन 7 जून को जनरल स्टडीस-1 और 2, इसी तरह 8 जून को जनरल स्टडीस 3 और 4 के अलावा 9 जून को जनरल स्टडीस 5 के पेपर होंगे. मुख्य परीक्षा के लिए प्रवेश पत्र आयोग की वेबसाइट से डाउनलोड किया जा सकता है. पीएससी के परीक्षा नियंत्रक ने सूचना जारी कर कहा कि मुख्य परीक्षा के लिए आयोग ने किसी भी अभ्यर्थी को अलग से प्रवेश पत्र जारी नहीं किया है. बता दें कि राज्य सेवा (प्रारंभिक) परीक्षा 2025 गत 22 फरवरी को आयोजित की गई थी. प्रारंभिक परीक्षा के बाद 265 पदों के लिए तीन गुना अभ्यर्थियों का मुख्य परीक्षा के लिए चयन किया गया और मेरिट सूची जारी की गई. मुख्य परीक्षा के बाद साक्षात्कार होगा. संभवतः साक्षात्कार समाप्त होने के साथ ही नतीजे घोषित कर दिए जाएंगे.
कांग्रेस ने झारखंड राज्यसभा चुनाव के लिए भूपेश बघेल को बनाया पर्यवेक्षक
रायपुर. कांग्रेस ने झारखंड राज्यसभा द्विवार्षिक चुनाव 2026 के लिए उम्मीदवारों की घोषणा के बाद अब अपने पर्यवेक्षकों की नियुक्ति कर दी है. एआईसीसी के महासचिव केसी वेणुगोपाल द्वारा आदेश के अनुसार कांग्रेस अध्यक्ष ने झारखंड में होने वाले राज्यसभा चुनाव के लिए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और अजय शर्मा को एआईसीसी पर्यवेक्षक होंगे. चुनाव प्रक्रिया के दौरान समन्वय की जिम्मेदारी दोनों नेताओं पर रहेगी.
नेशनल यूथ म्यूथाई में छत्तीसगढ़ ने जीते 7 गोल्ड सहित 17 मेडल
रायपुर. उत्तराखंड के हल्द्वानी स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में आयोजित नेशनल यूथ म्यू थाई चैंपियनशिप में छत्तीसगढ़ के 36 सदस्यीय दल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया. देश के 26 राज्यों और 5 केंद्र शासित प्रदेशों से आए करीब 900 खिलाड़ियों के बीच हुए कड़े मुकाबलों में छत्तीसगढ़ ने 7 स्वर्ण, 4 रजत और 6 कांस्य सहित कुल 17 पदक जीतकर अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई. प्रतियोगिता में मेघालय ओवरऑल चैंपियन रहा, जबकि असम दूसरे स्थान पर रहा.
चैंपियनशिप के अंतिम दिन फाइनल मुकाबलों में छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया. रायपुर की समिधा अग्रवाल ने मिजोरम की प्रतिद्वंद्वी को हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया, वहीं संजीत मोहंती को मुकाबला ‘नो कॉन्टेस्ट’ घोषित होने के बाद गोल्ड मेडल मिला. बालोद (दल्लीराजहरा) की काप्सा गुप्ता ने बिहार की खिलाड़ी को मात देकर स्वर्ण पदक जीता. इसके अलावा बालोद की साधिका दुबे और हिमानी दरसेना ने ‘वाई क्रू’ एकल स्पर्धा के अपने-अपने वर्ग में स्वर्ण पदक हासिल कर राज्य के स्वर्ण पदकों की संख्या सात तक पहुंचा दी.











