Advertisement Carousel

Chhattisgarh News: CM हेल्पलाइन 1076 आज से होगी शुरू, टोल-फ्री कॉल सहित इन माध्यमों से दर्ज करा सकेंगे अपनी शिकायतें

Chhattisgarh News: रायपुर. छत्तीसगढ़ में आम नागरिकों की शिकायतों के त्वरित और प्रभावी निराकरण को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंगलवार को CM हेल्पलाइन 1076 की शुरुआत होने जा रही है. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज दोपहर महानदी भवन (मंत्रालय) में कैबिनेट बैठक के बाद मेंस सेवा का शुभारंभ करेंगे. इसके बाद वह हेल्पलाइन कॉल सेंटर का अवलोकन भी करेंगे.

प्रदेश के नागरिकों को अपनी समस्याएं मुख्यमंत्री सचिवालय तक पहुंचाने का आसान जरिया मिलेगा. सीएम हेल्पलाइन पर आम जनता अपनी अलग-अलग समस्याओँ और शिकायतों को दर्ज करा सकेंगे. सफाई सेवाओं में लापरवाही, पेंशन से जुड़ी समस्याओं, पुलिस द्वारा एफआईआर दर्ज करने से इनकार करने, सरकारी कर्मचारियों द्वारा रिश्वत की मांग या बुज़ुर्गों के साथ दुर्व्यवहार जैसी शिकायतों को दर्ज करा पाएंगे. वहीं आधिकारिक पोर्टल पर अपने शिकायत का स्टेटस भी चेक कर सकेंगे.

Whatsapp पर भी भेज सकते हैं शिकायतें

कोई नागरिक वंचित न रहे, इसलिए सुविधा के लिए सीएम हेल्पलाइन की टोल-फ्री नंबर 1076 पर आप कॉल कर के शिकायत दर्ज कराने के अलावा वेब पोर्टल, मोबाइल ऐप और WhatsApp चैटबॉट के जरिए भी शिकायत दे सकते हैं. सरकार का उद्देश्य केवल शिकायतों का औपचारिक निपटारा करना नहीं, बल्कि निर्धारित समयसीमा के भीतर उनका गुणवत्तापूर्ण, प्रभावी और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करना है.