Advertisement Carousel

Chhattisgarh : वायरल वीडियो पर युवक की सफाई, कहा- नहीं मांगी गई थी रिश्वत, अपनी सुरक्षा के लिए बनाया था वीडियो… लोगों से की ये अपील

Chhattisgarh : धमतरी. सोशल मीडिया पर इन दिनों छत्तीसगढ़ के धमतरी से सामने आए युवक और पुलिस के बीच विवाद का वीडियो खूब चर्चा में हैं. पुलिस की कार्यशैली को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं. इसी बीच युवक का एक नया वीडियो सामने आया है, जिसमें उसने वायरल वीडियो को लेकर अपना पक्ष रखा है. युवक ने कहा कि उसका उद्देश्य पुलिस की छवि को धूमिल करना नहीं था. उस रात जो हुआ वह एक अप्रत्याशित घटना थी. वह सिर्फ अपनी और परिवार की सुरक्षा के लिए वीडियो बना रहा था.

युवक ने वीडियो जारी कर कहा कि घटना वाली रात वह अपने परिवार के साथ फिल्म देखकर लौट रहा था. इस दौरान रास्ते में दो पुलिसकर्मीयों ने पूछताछ के लिए रोका, इस दौरान स्थिति बिगड़ती चली गई. टीआई से भी बहस हुई. मुझे पुलिस के साथ पूछताछ में सहयोग करना चाहिए था. आगे कहा कि घटना से जुड़े वीडियो को एडिट कर के सोशल मीडिया पर अलग-अलग संदर्भों में प्रस्तुत किया गया, जिससे न केवल उसे व्यक्तिगत रूप से परेशानियों का सामना करना पड़ा, बल्कि पुलिस विभाग की छवि को भी नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई.

वीडियो में युवक ने लोगों से इस मामले को और अधिक तूल नहीं देने की अपील की है. उसने स्वीकार किया कि घटना के बाद उसे पुलिस जांच में पूरा सहयोग करना चाहिए था. युवक ने बताया कि उसने अब सभी वैध दस्तावेज पुलिस को उपलब्ध करा दिए हैं और वह जांच में पूर्ण सहयोग कर रहा है. साथ ही उसने सभी से शांति बनाए रखने और मामले को यहीं समाप्त करने की अपील की है.

जानिए पूरा मामला

दरअसल, मामला अर्जुनी थाना क्षेत्र के मुजगहन के पास 5 जून की रात करीब एक बजे का बताया जा रहा है. वायरल वीडियो में अर्जुनी थाना प्रभारी और उनके स्टाफ की एक युवक से तीखी बहस होती दिखाई दे रही है. वीडियो में युवक ने पुलिस पर मारपीट का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस ने ऐसे किसी भी आरोप से इनकार किया है. वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कार्यशैली को लेकर कई सवाल उठाए जा रहे हैं. बड़ी बात यह है कि मामले में सोशल मीडिया में वीडियो वायरल करने वाले युवक ने घटनाक्रम को लेकर अब तक कोई शिकायत पुलिस में दर्ज नहीं कराई है.

जांच के लिए SP ने गठित की 3 DSP की कमेटी

धमतरी एसपी सूरज सिंह परिहार ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के लिए तीन डीएसपी की कमेटी बनाई है. कमेटी का नेतृत्व डीएसपी मोनिका मरावी करेंगी, जिनके साथ डीएसपी भानु प्रताप चंद्राकर और डीएसपी यशकरण ध्रुव पूरे घटना की जांच करेंगे. टीम जांच के दौरान सभी पक्षों के बयान लेने के साथ तथ्यों के आधार पर रिपोर्ट तैयार करेगी.