Advertisement Carousel

पुरानी रंजिश ने लिया खूनी मोड़, चाकूबाजी और राजनीतिक विवाद से दो अलग घटनाओं ने बढ़ाया तनाव

 दुर्ग :  पुरानी रंजिश और राजनीतिक विवाद ने दो अलग अलग घटनाओं में हिंसक रूप ले लिया। एक ओर घासीदास नगर में चाकूबाजी की घटना सामने आई है, वहीं दूसरी ओर पाटन ब्लॉक के सांकरा गांव में चुनावी रंजिश को लेकर उपसरपंच पर जानलेवा हमला हुआ है। दोनों घटनाओं से पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया है।

घासीदास नगर में चाकूबाजी, तीन लोग घायल, पुलिस पर लापरवाही का आरोप

घासीदास नगर में पुरानी रंजिश के चलते तीन लोगों पर चाकू से हमला किया गया, जिसमें सभी गंभीर रूप से घायल हो गए। पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि यदि पुलिस समय पर कार्रवाई करती, तो यह घटना टाली जा सकती थी।परिवार का कहना है कि उन्होंने शाम लगभग 6 बजे ही थाने में शिकायत दर्ज कराने की कोशिश की थी, लेकिन उनकी बात नहीं सुनी गई और न ही कोई कार्रवाई हुई। इसके कुछ घंटों बाद ही आरोपियों ने दोबारा हमला कर दिया।पीड़ित पक्ष के अनुसार, दो दिन पहले स्कूटी में आगजनी की घटना हुई थी, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया था। लेकिन जमानत पर बाहर आने के बाद आरोपी ने रंजिश रखते हुए हमला कर दिया।परिवार ने आरोप लगाया कि मारपीट और चाकूबाजी के बाद भी देर रात तक एफआईआर दर्ज नहीं की गई, जिससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

गर्भवती महिला पर हमला का आरोप, हालत बिगड़ने से अस्पताल में भर्ती

पीड़ित परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि हमले के दौरान एक गर्भवती महिला के पेट में लात मारी गई, जिसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई और उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। घायलों का इलाज जिला अस्पताल में जारी है।

पाटन में चुनावी रंजिश से उपसरपंच पर हमला, गांव में तनाव

दूसरी घटना पाटन ब्लॉक के सांकरा गांव की है, जहां पंचायत चुनाव की पुरानी रंजिश ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि एक पंच ने उपसरपंच पर जानलेवा हमला कर दिया।पीड़ित उपसरपंच के अनुसार, हाल ही में हुए जनपद सदस्य चुनाव में उनके समर्थन वाले प्रत्याशी की हार के बाद से आरोपी नाराज चल रहा था और लगातार विवाद की स्थिति बनी हुई थी।घटना के दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट शुरू हो गई और उपसरपंच घायल हो गए। स्थानीय ग्रामीणों ने बीच बचाव कर स्थिति को संभाला।

गांव में तनाव, पुलिस जांच में जुटी

घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके।