रायपुर। छत्तीसगढ़ में उच्च शिक्षा विभाग में सरकारी नौकरी का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए राहत भरी खबर है। विभाग में लंबे समय से रिक्त पदों पर भर्ती की प्रक्रिया तेज करने की दिशा में आज महत्वपूर्ण बैठक आयोजित होगी। मंत्रालय में होने वाली इस उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में भर्ती समेत कई अहम प्रशासनिक विषयों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
मंत्री टंक राम वर्मा लेंगे समीक्षा बैठक
उच्च शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक आज सुबह 11 बजे मंत्रालय में आयोजित होगी। बैठक की अध्यक्षता उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा करेंगे। इस दौरान विभाग में खाली पदों पर भर्ती, पदोन्नति, लंबित विभागीय प्रकरणों के निस्तारण, प्रभार व्यवस्था, पुलिस सत्यापन और प्रशासनिक कार्यों की प्रगति की समीक्षा की जाएगी। साथ ही विभिन्न मामलों में समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे।
योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर रहेगा जोर
बैठक में विभागीय योजनाओं के बेहतर संचालन, उच्च शिक्षा में गुणवत्ता सुधार, अनुसंधान गतिविधियों को बढ़ावा देने तथा लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण जैसे मुद्दों पर भी चर्चा होगी। सरकार का उद्देश्य विभागीय कार्यों में तेजी लाना और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना है।
नई शिक्षा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष फोकस
उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि प्रदेश में राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 को पूरी गंभीरता के साथ लागू किया जाएगा। इसके लिए डिजिटल गवर्नेंस को बढ़ावा देने, प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक पारदर्शी बनाने और शैक्षणिक संस्थानों में अनुशासन सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा है कि कॉलेजों में शिक्षा की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा।
विद्यार्थियों के लिए बनेगी हेल्प डेस्क
छात्रों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के लिए सभी महाविद्यालयों में ‘हेल्प डेस्क’ स्थापित करने की योजना पर भी काम किया जा रहा है। इससे विद्यार्थियों को अपनी शैक्षणिक और प्रशासनिक समस्याओं के समाधान के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा और उन्हें एक ही स्थान पर आवश्यक सहायता उपलब्ध होगी।
समय पर होगी पढ़ाई, परीक्षा और परिणाम
सरकार ने स्पष्ट किया है कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत सभी कॉलेजों में समय पर कक्षाएं शुरू होंगी, निर्धारित अवधि में पाठ्यक्रम पूरा कराया जाएगा और सेमेस्टर सहित सभी परीक्षाएं तय शैक्षणिक कैलेंडर के अनुसार आयोजित की जाएंगी। इसके साथ ही परीक्षा परिणाम भी निर्धारित समय सीमा के भीतर जारी करने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
भर्ती का इंतजार कर रहे युवाओं की बढ़ी उम्मीद
आज होने वाली समीक्षा बैठक को विभाग में लंबे समय से रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की दिशा में अहम माना जा रहा है। यदि बैठक में सकारात्मक निर्णय लिए जाते हैं, तो आने वाले दिनों में उच्च शिक्षा विभाग में नई भर्तियों का रास्ता साफ हो सकता है, जिसका लाभ हजारों अभ्यर्थियों को मिलने की उम्मीद है।











