Advertisement Carousel

क्या खत्म होगा बिलासपुर का ट्रैफिक संकट, दिल्ली में हुई अहम पहल से जगी बड़ी उम्मीद

 बिलासपुर : शहर को लंबे समय से परेशान कर रही ट्रैफिक जाम की समस्या से स्थायी राहत दिलाने की दिशा में नई पहल शुरू हुई है। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तथा बिलासपुर सांसद तोखन साहू ने नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर शहर के लिए प्रस्तावित 4 लेन रिंग रोड परियोजना को जल्द मंजूरी देने और निर्माण प्रक्रिया में तेजी लाने का आग्रह किया।

827.20 करोड़ की परियोजना से बदलेगी शहर की तस्वीर

बैठक के दौरान तोखन साहू ने बताया कि लगातार बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए करीब 827.20 करोड़ रुपये की लागत वाली 4 लेन रिंग रोड परियोजना अब बिलासपुर की प्राथमिक जरूरत बन चुकी है। प्रस्तावित सड़क NH-130, NH-130A और NH-49 को आपस में जोड़ेगी, जिससे भारी वाहनों को शहर के भीतर से गुजरने की जरूरत नहीं पड़ेगी और मुख्य मार्गों पर ट्रैफिक का दबाव काफी कम होगा।

यात्रा होगी आसान, विकास को मिलेगा नया आधार

रिंग रोड बनने के बाद औद्योगिक क्षेत्रों, व्यावसायिक केंद्रों और रिहायशी इलाकों के बीच आवाजाही पहले से अधिक सुगम हो जाएगी। इससे यात्रा का समय घटेगा, ईंधन की बचत होगी और शहर के समग्र आधारभूत विकास को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।

परियोजना की तैयारियां अंतिम चरण की ओर

तोखन साहू ने केंद्रीय मंत्री को जानकारी दी कि भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की ओर से विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (DPR), ट्रैफिक सर्वे और प्रस्तावित मार्ग का ड्राफ्ट एलाइनमेंट तैयार करने का काम जारी है। उन्होंने इन सभी प्रक्रियाओं को जल्द पूरा कर परियोजना को शीघ्र स्वीकृति देने की मांग की।

केंद्रीय मंत्री ने दिया सकारात्मक संकेत

बैठक के दौरान केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने प्रस्ताव पर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक प्रक्रियाओं में तेजी लाने का भरोसा दिया। यदि यह परियोजना तय समय पर मंजूर होकर धरातल पर उतरती है तो बिलासपुर की यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। साथ ही क्षेत्र के आर्थिक, औद्योगिक और शहरी विकास को भी नई दिशा मिलने की संभावना है।