Advertisement Carousel

छत्तीसगढ़ के स्कूलों में गुरुजनों पर एक्शन, शराब, अनुशासनहीनता और छात्राओं की शिकायतों ने बढ़ाई चिंता

रायपुर। शिक्षा का मंदिर कहे जाने वाले स्कूलों से लगातार ऐसे मामले सामने आ रहे हैं, जिन्होंने शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। विद्यार्थियों को संस्कार और अनुशासन का पाठ पढ़ाने वाले कुछ शिक्षकों के खिलाफ मिली शिकायतों के बाद शिक्षा विभाग ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। अलग-अलग जिलों में जांच के दौरान आरोप सही पाए जाने पर कई शिक्षकों को निलंबित किया गया है, जबकि कुछ मामलों की विस्तृत जांच जारी है।

सारंगढ़ में तीन शिक्षक निलंबित, एक प्रधान पाठक पर विभागीय कार्रवाई की तैयारी

सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग ने स्कूलों में अनुशासन और शिक्षण गुणवत्ता को लेकर बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा जांच कराई गई, जिसमें कई शिकायतें सही पाई गईं।

जांच के बाद तीन शिक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है, जबकि एक प्रधान पाठक के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की अनुशंसा संभागीय संयुक्त संचालक को भेजी गई है।

शराब के नशे में स्कूल पहुंचने के आरोप में कार्रवाई

बरमकेला विकासखंड के प्राथमिक विद्यालय राजपुर के प्रधान पाठक सरोज कुमार भोय पर आरोप है कि वे नशे की हालत में विद्यालय पहुंचे और शिक्षण कार्य प्रभावित हुआ। शिकायतों और जांच के बाद उनके खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई।

सहकर्मियों से दुर्व्यवहार पड़ा भारी

बिलाईगढ़ विकासखंड के प्राथमिक विद्यालय चकरदा के प्रधान पाठक राजेश कुमार गौतम पर सहकर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार, धमकी और लगातार अनुशासनहीनता के आरोप लगाए गए थे। जांच में आरोपों की पुष्टि होने के बाद उन्हें भी निलंबित कर दिया गया।

नेटवर्क मार्केटिंग में व्यस्त मिली शिक्षिका

बरमकेला क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय झाल में पदस्थ सहायक शिक्षिका यशवंती चौहान पर शासकीय कार्यों की उपेक्षा कर नेटवर्क मार्केटिंग गतिविधियों में शामिल रहने का आरोप लगा। विभागीय जांच में मामला सही पाए जाने पर उन्हें भी निलंबित कर दिया गया।

100 बार गाली लिखवाने का मामला पहुंचा जांच समिति तक

अंबिकापुर के निकट स्थित एक निजी स्कूल में आठवीं कक्षा के छात्र को कथित रूप से सजा के तौर पर कॉपी में 100 बार गाली लिखवाने का मामला भी चर्चा में है। घटना के सामने आने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने चार सदस्यीय जांच समिति गठित कर दी है। समिति पूरे मामले की जांच कर रिपोर्ट सौंपेगी।

छात्राओं की शिकायत के बाद लैब टेक्नीशियन निलंबित

जशपुर के एक कन्या महाविद्यालय में छात्राओं द्वारा की गई शिकायत के बाद कॉलेज के लैब टेक्नीशियन अजय गुप्ता को निलंबित कर दिया गया है। छात्राओं ने उनके खिलाफ अनुचित व्यवहार और अनुचित स्पर्श जैसे गंभीर आरोप लगाए थे। शिकायत सीधे कलेक्टर तक पहुंचने के बाद मामले में कार्रवाई की गई।

शिक्षा व्यवस्था में जवाबदेही पर बढ़ा जोर

लगातार सामने आ रहे मामलों के बाद शिक्षा विभाग अब स्कूलों और कॉलेजों में अनुशासन, नैतिक आचरण और विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर अधिक सतर्क नजर आ रहा है। अधिकारियों का कहना है कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनुचित व्यवहार पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

स्कूलों में बढ़ी निगरानी, विभाग सख्त

हालिया घटनाओं ने यह स्पष्ट कर दिया है कि शिक्षा संस्थानों में केवल पढ़ाई ही नहीं, बल्कि सुरक्षित और अनुशासित वातावरण सुनिश्चित करना भी उतना ही जरूरी है। इसी को देखते हुए विभाग ने निगरानी बढ़ाने और शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करने के संकेत दिए हैं।