बिलासपुर ; सकरी थाना क्षेत्र में मारपीट के बाद 19 वर्षीय युवक की मौत के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार युवक के साथ हाथ-मुक्कों और लाठी-डंडों से मारपीट की गई थी। गंभीर रूप से घायल युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। कार्रवाई के बाद चारों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
7 सितंबर की रात घर से निकला था युवक
पुलिस के मुताबिक मृतक शेख इस्माईल की मां ने 11 सितंबर 2026 को सकरी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनका 19 वर्षीय बेटा 7 सितंबर की रात करीब 9 बजे घर से निकला था, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटा।रात करीब 1 बजे परिवार को जानकारी मिली कि ग्राम लोखण्डी के कुछ युवकों ने शेख इस्माईल के साथ कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए मारपीट की है। आरोप है कि युवक पर हाथ-मुक्कों के अलावा लाठी-डंडों से भी हमला किया गया।
सिर समेत शरीर के कई हिस्सों में आई गंभीर चोट
हमले में शेख इस्माईल के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई थीं। सूचना मिलने के बाद उसे डायल 112 की मदद से सिम्स अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार शुरू किया गया।मामले में सकरी थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 839/2026 दर्ज कर बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत जांच शुरू की। हालत गंभीर होने पर युवक को आगे के इलाज के लिए रायपुर के डीकेएस अस्पताल ले जाया गया। इलाज के दौरान 12 सितंबर को उसकी मौत हो गई।युवक की मौत के बाद पुलिस ने प्रकरण में बीएनएस की धारा 103(2) और 324 भी जोड़ दी।
चार आरोपी गिरफ्तार, हथियारनुमा सामग्री जब्त
पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए 13 सितंबर को चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अक्षय कुमार गढ़ेवाल उम्र 21 वर्ष, प्रदुम श्रीवास उर्फ पदुम उम्र 29 वर्ष, दिलीप कुमार निर्मलकर उम्र 32 वर्ष और गोविंद पटेल उर्फ दौलत उम्र 22 वर्ष के रूप में हुई है।पुलिस का कहना है कि आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किए गए लाठी-डंडे भी बरामद किए गए हैं। चारों आरोपियों की गिरफ्तारी की कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।