Advertisement Carousel

तेंदुए की गुर्राहट से कांपा कवर्धा, डरावनी आवाज और आहट CCTV कैमरे में हुई कैद

कवर्धा. शहर और आसपास के ग्रामीण इलाकों में तेंदुए की मौजूदगी को लेकर एक बार फिर चचाओं का बाजार गर्म हो गया है. पिछले दो महीनों के भीतर यह तीसरी बार है जब रिहायशी क्षेत्र में तेंदुए की आवाज सुनाई देने की बात सामने आई है. शहर के जी-श्याम नगर कॉलोनी में बीती रात करीब पौने दो बजे लगे सीसीटीवी कैमरे में तेंदुए की गुर्राहट जैसी आवाज रिकॉर्ड होने के बाद से स्थानीय रहवासियों में डर और दहशत का माहौल है. क्षेत्र में एक साथ दो तेंदुओं के घूमने की भी चर्चा हो रही है, जिसे पिछली घटनाओं को देखते हुए केवल अफवाह मानकर टाला नहीं जा सकता. (Leopard Scare Kawardha CCTV Video)

दो हफ्ते पहले निजी अस्पताल में घुस गया था तेंदुआ

गौरतलब है कि करीब दो हफ्ते पहले ही कवर्धा शहर के स्नेहा हॉस्पिटल में दिनदहाड़े एक तेंदुआ घुस गया था. अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज में तेंदुआ सीढ़ियों से उतरता और परिसर में घूमता हुआ साफ दिखाई दिया था.

इस दौरान तेंदुए ने यशोदा बाई नामक एक महिला पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया था और बाद में महिलाओं के वॉशरूम में जाकर छिप गया था. तब वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने करीब पांच घंटे के कड़े रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद तेंदुए को ट्रैंकुलाइज कर सुरक्षित पकड़ा था. इस घटना से पूरे शहर में भारी दहशत फैल गई थी. (Leopard Scare Kawardha CCTV Video)

भोरमदेव अभयारण्य में 70 से अधिक तेंदुए, वन विभाग ने जारी किया अलर्ट

जानकारों के अनुसार भोरमदेव अभयारण्य क्षेत्र में वर्तमान में 70 से अधिक तेंदुए मौजूद हैं. हाल के महीनों में ग्राम जैतपुरी सहित आसपास के कई गांवों में तेंदुए की आमद दर्ज की गई है, जिससे वन्यजीव और मानव के बीच संघर्ष की आशंका बढ़ गई है. हालांकि, ताजा मामले में वन विभाग ने अभी तक शहर के भीतर तेंदुए की मौजूदगी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, लेकिन सुरक्षा के मद्देनजर पूरे मैदानी अमले को अलर्ट कर दिया गया है. प्रशासन और वन विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध आवाज या अपुष्ट वीडियो को बिना जांच-पड़ताल के प्रसारित न करें. यदि कहीं भी वन्यप्राणी दिखाई दे, तो उससे सुरक्षित दूरी बनाए रखें और तत्काल वन विभाग को इसकी सूचना दें.

17वीं बटालियन के गेट के सामने दो तेंदुओं ने किया था कुत्ते का शिकार

अस्पताल की घटना के अलावा, बीते दिनों शहर से महज आठ किलोमीटर दूर सरेखा स्थित 17वीं बटालियन के मुख्य द्वार के सामने भी दो तेंदुए एक साथ देखे गए थे. सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए वीडियो में दोनों तेंदुए एक कुत्ते पर हमला कर उसे अपना शिकार बनाते और जंगल की ओर घसीटकर ले जाते हुए दिखाई दिए थे. सोशल मीडिया पर यह वीडियो तेजी से वायरल हुआ था. उल्लेखनीय है कि सरेखा बटालियन का यह परिसर भोरमदेव अभयारण्य के घने जंगलों से सटा हुआ है. (Leopard Scare Kawardha CCTV Video)