Advertisement Carousel

जशपुर की चार बिहान दीदियां बनीं ड्रोन पायलट, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रमाणपत्र देकर किया सम्मानित

रायपुर। छत्तीसगढ़ के ग्रामीण अंचलों की महिलाएं अब आधुनिक तकनीक के क्षेत्र में भी कदम बढ़ा रही हैं। जशपुर जिले की चार बिहान दीदियों ने ड्रोन पायलट का प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा किया है। इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने खुशी जताते हुए कहा कि प्रदेश की बेटियां अपनी मेहनत, लगन और आत्मविश्वास से नई ऊंचाइयां हासिल कर रही हैं। ग्रामीण महिलाओं की यह कामयाबी आत्मनिर्भरता और महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

मुख्यमंत्री ने चारों महिलाओं को सौंपे प्रमाणपत्र

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जशपुर जिले के बगिया स्थित मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में प्रशिक्षण पूरा करने वाली महिलाओं को प्रमाणपत्र प्रदान किए। इनमें कांसाबेल विकासखंड के चेतबा गांव की शांति बाई, बगीचा विकासखंड के बिमड़ा गांव की शकीला खातून, सन्ना गांव की पार्वती नगेशिया और जशपुर विकासखंड के जुरगुम गांव की चिंता सिंह शामिल हैं।चारों महिलाओं ने रायपुर स्थित DGCA से संबंधित प्रशिक्षण संस्थान में ड्रोन संचालन की विधिवत ट्रेनिंग ली है।

कृषि कार्यों में आधुनिक तकनीक का करेंगी इस्तेमाल

मुख्यमंत्री ने महिलाओं को बधाई देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ग्रामीण महिलाओं को आधुनिक तकनीक से जोड़ने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। गांवों में महिलाओं के पास प्रतिभा और क्षमता की कमी नहीं है। उन्हें उचित अवसर, प्रशिक्षण और प्रोत्साहन मिलना जरूरी है।ड्रोन पायलट का प्रशिक्षण पूरा करने के बाद ये महिलाएं कृषि क्षेत्र में सेवाएं दे सकेंगी। ड्रोन की मदद से खेतों में खाद और कीटनाशकों का छिड़काव किया जा सकता है। इससे किसानों को आधुनिक कृषि सुविधाएं मिलेंगी और प्रशिक्षित महिलाओं के लिए कमाई के नए रास्ते भी खुलेंगे।

नमो ड्रोन दीदी योजना से मिल रहा प्रशिक्षण

नमो ड्रोन दीदी योजना के तहत महिला स्व-सहायता समूहों को कृषि में इस्तेमाल होने वाली आधुनिक तकनीक से जोड़ा जा रहा है। इस योजना में महिलाओं को ड्रोन उड़ाने, सुरक्षित संचालन, रिमोट पायलटिंग और खेती में ड्रोन के उपयोग से जुड़ा प्रशिक्षण दिया जाता है।इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को तकनीक आधारित आजीविका के अवसर उपलब्ध कराना है, ताकि वे पारंपरिक रोजगार के साथ नए क्षेत्रों में भी अपनी भागीदारी बढ़ा सकें।

महिलाओं की आर्थिक मजबूती से परिवार और समाज को लाभ

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि महिलाओं का आर्थिक रूप से सक्षम होना परिवार और समाज की उन्नति के लिए जरूरी है। सरकार चाहती है कि ग्रामीण महिलाएं पारंपरिक गतिविधियों के साथ तकनीक आधारित रोजगार में भी आगे आएं।जशपुर की चार बिहान दीदियों की उपलब्धि से अन्य ग्रामीण महिलाओं को भी नई दिशा मिल सकती है। प्रशिक्षण पूरा कर उन्होंने दिखाया है कि उचित मार्गदर्शन और अवसर मिलने पर गांवों की महिलाएं भी आधुनिक तकनीक के क्षेत्र में अपनी जगह बना सकती हैं।