Advertisement Carousel

रेल विकास की पटरी पर बस्तर, दोहरीकरण से अमृत स्टेशन तक, यात्रियों को मिलेगी नई रफ्तार

जगदलपुर। जगदलपुर–किरंदुल–कोत्तावलसा रेललाइन के दोहरीकरण और अमृत स्टेशन योजना के तहत चल रहे विकास कार्यों का शुक्रवार को ईस्ट कोस्ट रेलवे के महाप्रबंधक (जीएम) परमेश्वर फंकवाल ने निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान जगदलपुर रेलवे स्टेशन और डिलमिली क्षेत्र में निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और समय-सीमा की सख्त समीक्षा की गई। जीएम ने स्पष्ट किया कि केके रूट पर लाइन दोहरीकरण का कार्य निर्धारित समय में पूरा किया जाएगा, जिससे रेल यातायात और अधिक सुरक्षित व सुगम बनेगा।

अमृत स्टेशन योजना के अंतर्गत प्लेटफॉर्म सुधार, प्रतीक्षालय, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था और सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। स्टेशन परिसर में विकसित ग्रीन लॉन, गार्डन और बस्तर की ट्राइबल आर्ट को यात्रियों के लिए आकर्षण बताया गया।

भूमि अधिग्रहण और वन स्वीकृतियों से जुड़े मुद्दों के सुलझने के साथ दोहरीकरण का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। जीएम ने कहा कि बस्तर क्षेत्र में यात्रियों की बढ़ती जरूरतों और ट्रेनों की मांग को देखते हुए रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर को और मजबूत किया जाएगा।