Advertisement Carousel

Bilaspur News: लगातार गाड़ी चोरियां, 48 घंटे के अंदर जिला कोर्ट परिसर, यूनिवर्सिटी पार्किंग और सैलून के सामने से तीन बाइक पार, पिकअप भी चोरी

बिलासपुर। शातिर चोरों ने गुरुवार और शुक्रवार को 48 घंटों के भीतर जिला न्यायालय, सीवी रमन कॉलेज और भीड़भाड़ वाले रितेश सैलून के सामने से तीन मोटरसाइकिलें पार कर दीं। वहीं लालखदान क्षेत्र में घर के बाहर खड़ी एक पिकअप वाहन चोरी हो गई है। संबंधित थानों की पुलिस ने सभी मामलों में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है।

पहली घटना: घर के बाहर खड़ी पिकअप ले गए चोर
तोरवा क्षेत्र के लालखदान में रहने वाले अशरफ हुसैन के घर के पास खड़ी पिकअप सीजी 10 सी 3658 भी चोरी हो गई। अशरफ ने बताया कि शुक्रवार सुबह जब परिवार नमाज के बाद कब्रिस्तान जाने निकला, तो देखा कि घर के पास खड़ी गाड़ी गायब थी। इस पुराने पिकअप की कीमत सवा लाख रुपए बताई जा रही है।

दूसरी घटना: कोर्ट में पेशी देने गया था किसान, वापस आया तो बाइक थी गायब
रतनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सिंघरी निवासी किसान रवि इंदुवाकर गुरुवार सुबह 11:30 बजे अपनी पैशन प्रो सीजी 10 एआर 6841 से जिला न्यायालय पहुंचे थे। उन्होंने कंपोजिट बिल्डिंग के पास गाड़ी लॉक की और पेशी में चले गए। घंटे भर बाद जब वे लौटे, तो पार्किंग से बाइक गायब थी।

तीसरी घटना: कॉलेज की ‘सुरक्षित’ पार्किंग से छात्र की पैशन प्लस चोरी
कोटा डॉ. सीवी रमन कॉलेज में बी-फार्मेसी 8वें सेमेस्टर के छात्र प्रियेश साहू की बाइक कॉलेज पार्किंग से चोरी हो गई। प्रियेश शुक्रवार की सुबह 10 बजे अपनी पैशन प्लस सीजी 10 सीबी 0745 खड़ी कर क्लास में गए थे। शाम 4:10 बजे जब छुट्टी हुई, तो बाइक वहां नहीं थी। शुक्रवार शाम ही उन्होंने कोटा थाने में चोरी की एफआईआर दर्ज करवाई है।

चौथी घटना: बिना बाइक लॉक किए सैलून में बनवा रहे थे दाढ़ी
सरकंडा थाना क्षेत्र के ग्राम नगोई निवासी अशोक साहू बहतराई रोड स्थित रितेश सैलून में शुक्रवार की शाम को दाढ़ी बनवाने रुके थे। जल्दबाजी में वह अपनी प्लेटिना सीजी 10 एटी 4915 लॉक करना भूल गए, जब वे सैलून से बाहर निकले, तो वहां खड़ी गाड़ी गायब थी।