Advertisement Carousel

CG Morning News : CM साय आज ऑल इंडिया हेल्थ साइंसेस वीसी मीट में होंगे शामिल, 12वीं हिन्दी की दोबारा परीक्षा आज, प्रवासी मजदूरों को मिलेगा 5 KG वाला LPG सिलेंडर, तहसीलदार का वाट्सअप हैक, कानून व्यवस्था पर कांग्रेस ने उठाए सवाल… पढ़ें और भी खबरें

CG Morning News : रायपुर. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज रायपुर के विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे. वे सुबह 11: 30 बजे नवा रायपुर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय मेमोरियल एंव आयुष यूनिवर्सिटी जाएंगे. यहां वे ऑल इंडिया हेल्थ साइंसेज वाइस चांसलर्स मीट 2026 कार्यक्रम में शिरकत करेंगे. दोपहर 1:00 बजे सिविल लाइन स्थित मुख्यमंत्री निवास लौटेंगे. शाम 6:00 बजे VIP रोड स्थित राम मंदिर के लिए रवाना होंगे. शाम 7:20 बजे को सिविल लाइन स्थित मुख्यमंत्री निवास लौटेंगे.

12वीं हिन्दी की दोबारा परीक्षा आज
रायपुर. प्रश्न पत्र लीक होने के दावे की वजह से रद्द हुई 12वीं हिंदी की दोबारा परीक्षा 10 अप्रैल को आयोजित की जाएगी. परीक्षा सुबह 9 बजे से दोपहर 12.15 बजे तक होगी. हिन्दी की परीक्षा में 2 लाख 39 हजार 177 विद्यार्थी सम्मिलित होंगे. परीक्षा 2395 केन्द्रों में होगी. माशिमं ने परीक्षा की सारी तैयारियां कर ली हैं. गोपनीय सामग्रियां थाने में रखी गई हैं. परीक्षा से पहले केन्द्राध्यक्ष अथवा सहायक केन्द्राध्यक्ष थाने से थाना प्रभारी और राजस्व अधिकारी उपस्थिति में गोपनीय सामग्री लेकर जाएंगे. थाने में ही गोपनीय सामग्रियों की पेटी में लगाए गए वन टाइम लॉक सिस्टम के यूनिक नंबर का मिलान किया जाएगा. गड़बड़ी रोकने के लिए ही इस बार माशिमं ने वन टाइम लॉक सिस्टम लागू किया है. गौरतलब है कि हिन्दी की परीक्षा 14 मार्च को आयोजित की गई थी किन्तु एक दिन पहले की रात सोशल मीडिया पर बी सेट के पेपर के हस्तलिखित प्रश्न वायरल हो गए थे. इस मामले में माशिमं द्वारा एफआईआर भी दर्ज कराई गई है.

आज शाम 11 टंकियों से नहीं मिलेगा पानी
रायपुर. नगर निगम के भाठागांव स्थित फिल्टर प्लांट में 150 एमएलडी प्लांट के क्लियर वाटर डीआई राइजिंग पाइपलाइन में पचपेड़ीनाका और तेलीबांधा थाना के सामने लीकेज आ गया है. इसकी मरम्मत के लिए 10 अप्रैल को 6 घण्टे का शटडाउन लिया जायेगा. इसी के चलते शुक्रवार की शाम 11 टंकियों से पानी सप्लाई नहीं होगी. कार्यपालन अभियंता नरसिंग फरेंद्र ने बताया कि मरम्मत कार्य के चलते लालपुर, अमलीडीह, अवंति विहार, मण्डी, मोवा, सड्दू, दलदल सिवनी, कचना, आमासिवनी, देवपुरी एवं जोरा टंकी से 10 अप्रैल को सुबह पानी सप्लाई के बाद शाम की सप्लाई नहीं होगी. 11 अप्रैल को जलप्रदाय नियमित रूप से होगा.

तहसीलदार का वाट्सअप हैक, मांगे दो हजार रुपए
रायपुर. 2 हजार रुपये भेजना, काम है. 1 घंटे में रिटर्न करता हूं. ऐसा मैसेज रायपुर तहसीलदार राममूर्ति दीवान के वाट्सअप नंबर से तमाम ग्रुप्स और उनके वाट्सअप में मौजूद नंबरों पर गया. थोड़ी देर बाद तहसीलदार के फोन की घंटी घनघनाने लगी और उन्हें फोन और मैसेज आने लगे. इसके बाद पता चला कि तहसीलदार साइबर फ्रॉड का शिकार हो गए है और उनका वाट्सअप हैक हो गया और ठगों ने उनके वाट्सअप से मैसेज भेजे. इसके बाद तहसीलदार ने मामले की शिकायत पुलिस से की. तहसीलदार ने अपने वाट्सअप को एक्सपर्ट की मदद से रिइंस्टॉल किया और फिर उन्होंने खुद अपने वाट्सअप में ये स्टेट्स डाला कि उनका वाट्सअप हैक हो गया है और कोई भी पैसे न भेजे. सूत्र बताते है कि ठगों ने जो बारकोड भेजा वो चंद्रकांत एंड कंपनी के नाम से रजिस्टर्ड बैंक अकाउंट का था.

बीते 24 घंटे में राजधानी में दो चाकूबाजी
रायपुर. कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने गुरुवार को एक बयान जारी कर आरोप लगाया कि राजधानी समेत पूरे छत्तीसगढ़ की कानून व्यवस्था बदहाल है. विष्णुदेव साय सरकार में कोई भी वर्ग सुरक्षित नहीं है. उन्होंने बताया कि बीते 24 घंटे के भीतर राजधानी रायपुर में चाकूबाजी की दो घटनाएं हुई हैं. पहली घटना तेलीबांधा में हुई, जहां एक व्यापारी को चाकू मारा गया. वहीं दूसरी घटना सेजबहार में हुई, जहां एक परिवार रात में लौट रहा था और रास्ते में पेट्रोल खत्म हो गया, उस परिवार की महिलाओं पर डंडे व चाकू से प्रहार किया गया. सुशील शुक्ला ने आगे कहा कि भाजपा सरकार में आम व्यक्ति तो दूर पुलिस अधिकारियों के परिजन भी सुरक्षित नहीं हैं. एक डीएसपी की बेटी को सोशल मीडिया पर गैंगरेप की धमकी मिल रही है. पुलिस में शिकायत के बावजूद, पुलिस अधिकारी की बेटी की रिपोर्ट पर ही कार्यवाही में देरी हो रही है. उन्होंने कहा कि गत दिनों कांकेर में भाजपा के जिला उपाध्यक्ष पर दैहिक शोषण और दुष्कर्म का आरोप लगा. उस मामले में भी आज तक एफआईआर तक नहीं लिखी गई. उल्टे पीड़ित को ही प्रताड़ित करके डराया जा रहा है. सुशासन का ढोंग करने वाली भाजपा की सरकार ने नाबालिग के यौन शोषण करने वाले पॉक्सो के आरोपी और रिश्ते की मर्यादा को कलंकित करने वाले भाजपाई को युवा मोर्चा के अध्यक्ष पद से नवाजा गया है और अफीम की खेती करने वाले भाजपा नेता को संरक्षण दे रही है.

तीन साल के बच्चे के गले से बाहर निकाला सिक्का
रायपुर. मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शीला साहा ने बताया कि मुंगेली विकासखंड के ग्राम कोसमतरा निवासी 3 वर्षीय हिमांशी साहू ने खेल-खेल में अचानक एक सिक्का निगल लिया, जो उसके गले की आहार नली में फंस गया. बच्ची को जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां एक्स-रे जांच में पुष्टि हुई कि बच्ची के गले की आहार नली में सिक्का फंसा हुआ है. इसके बाद डॉक्टरों की टीम ने बिना देर किए दूरबीन (एंडोस्कोपिक) तकनीक से सफल ऑपरेशन कर बच्ची के गले से सिक्का सुरक्षित बाहर निकाल लिया.

प्रवासी मजदूरों को मिलेगा 5 किलो एलपीजी सिलेंडर
रायपुर. राज्य शासन ने प्रवासी मजदूरों को राहत प्रदान करने के उद्देश्य से 5 किलो के फ्री ट्रेड एलपीजी (गैस) सिलेंडर उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है. इस संबंध में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग द्वारा सभी कलेक्टरों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं.

जारी आदेश के अनुसार, प्रवासी मजदूरों को यह सिलेंडर संबंधित एलपीजी वितरकों के वितरण केंद्रों से प्रदान किया जाएगा. सिलेंडर प्राप्त करने के लिए हितग्राहियों को पहचान प्रमाण के रूप में आधार कार्ड (सहमति के साथ) तथा श्रम विभाग द्वारा जारी पंजीयन प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा. आवश्यक दस्तावेजों के सत्यापन के बाद पात्र हितग्राहियों को नया कनेक्शन एवं रिफिल सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा.

निर्देशों में यह भी कहा गया है कि एलपीजी वितरक 5 किलो सिलेंडरों के दैनिक स्टॉक, बिक्री एवं शेष स्टॉक का नियमित रिकॉर्ड संधारित करेंगे. जिला प्रशासन द्वारा इन अभिलेखों का समय-समय पर निरीक्षण किया जाएगा ताकि पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके.

इसके साथ ही, सिलेंडरों के दुरुपयोग एवं अनियमितताओं को रोकने के लिए जिला प्रशासन को सख्त निगरानी एवं आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं.

राज्य शासन ने कलेक्टरों को निर्देशित किया है कि इस योजना की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए स्थानीय स्तर पर प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि पात्र प्रवासी मजदूर इसका लाभ उठा सकें.

निशुल्क कोचिंग सेंटर में प्रवेश के लिए आज और कल काउंसलिंग
उत्तर बस्तर कांकेर. जिला कलेक्टर निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर के निर्देशानुसार मावा मोदोल परीक्षा में चयनित विद्यार्थियों के लिए 10 एवं 11 अप्रैल को मावा मोदोल निशुल्क कोचिंग सेंटर कांकेर और भानुप्रतापपुर में सुबह 10 बजे से शाम 05 बजे तक काउंसलिंग आयोजित की जाएगी. सभी चयनित अभ्यर्थियों के लिए काउंसिलिंग में शामिल होना अनिवार्य है. इस प्रक्रिया के माध्यम से विद्यार्थियों को सीट अलॉटमेंट सुनिश्चित करने का अवसर मिलेगा. निर्धारित तिथि पर अनुपस्थित रहने वाले विद्यार्थियों का सीट पर दावा स्वतः निरस्त कर दिया जाएगा. काउंसलिंग में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को आवश्यक दस्तावेज साथ लाना अनिवार्य होगा. इनमें कक्षा 10वीं और 12वीं की अंकसूची, स्नातक, स्नातकोत्तर प्रमाण पत्र (यदि लागू हो), आधार कार्ड, दो पासपोर्ट साइज फोटो तथा जाति एवं निवास प्रमाण पत्र शामिल हैं. सभी दस्तावेजों का सत्यापन काउंसलिंग के दौरान किया जाएगा.

कलेक्टर क्षीरसागर ने विद्यार्थियों से अपील की है कि वे इस अवसर को गंभीरता से लें और समय पर उपस्थित होकर काउंसलिंग प्रक्रिया पूर्ण करें. काउंसिलिंग प्रक्रिया विद्यार्थियों के भविष्य को दिशा देने और उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है. यह योजना विशेष रूप से ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के छात्रों को ध्यान में रखकर बनाई गई है. उन्हांने सभी चयनित अभ्यर्थियों को समय से पहले केंद्र पर पहुंचने और किसी भी असुविधा से बचने कहा है.