Advertisement Carousel

CG Morning News : मुख्यमंत्री साय केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से करेंगे मुलाकात… कांग्रेस की महत्वपूर्ण बैठक आज… IIIT का दीक्षांत समारोह, 553 छात्रों को मिलेगी डिग्री… पटना-चर्लपल्ली स्पेशल ट्रेन आज से शुरू…

CG Morning News : रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय दो दिनों से दिल्ली दौरे पर हैं। इस दौरान उन्होंने मंगलवार को पीएम मोदी, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन समेत अन्य बड़े नेताओं से मुलाकात की। वहीं आज वे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात करेंगे।

इस मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री साय, गृह मंत्री के साथ “बस्तर विकास 2.0” को लेकर अहम चर्चा कर सकते हैं। साथ ही नक्सल खात्मे के बाद बस्तर क्षेत्र की वर्तमान स्थिति की जानकारी भी देंगे। इसके अलावा मुख्यमंत्री कई अन्य केंद्रीय मंत्रियों से भी मुलाकात करेंगे और छत्तीसगढ़ के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय कल सुबह दिल्ली से रायपुर लौटेंगे।

कांग्रेस की महत्वपूर्ण बैठक आज
रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस की एक महत्वपूर्ण बैठक कल आयोजित की जाएगी। यह बैठक जिला स्तर से लेकर बूथ स्तर तक के कार्यकर्ताओं के साथ होगी। बैठक कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में दोपहर 12 बजे आयोजित होगी, जिसकी अध्यक्षता पीसीसी चीफ दीपक बैज करेंगे। इस बैठक में स्थानीय मुद्दों पर फोकस करते हुए रणनीति तैयार की जाएगी। साथ ही राज्य सरकार के खिलाफ बड़े प्रदर्शन की रूपरेखा भी बनाई जा सकती है।

ट्रिपल आईटी का दीक्षांत समारोह आज, 553 छात्रों को मिलेगी डिग्री
रायपुर। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी अंतरराष्ट्रीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (ट्रिपलआईटी) नया रायपुर का दीक्षांत समारोह आज सुबह 11:30 बजे संस्थान के परिसर में आयोजित है। कार्यक्रम के मुख्यअतिथि राज्यपाल रमेन डेका, विशिष्ट अतिथि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय होंगे। समारोह में दीक्षांत भाषण प्रो. उमेश वी. वाघमारे, अध्यक्ष, जवाहरलाल नेहरू उन्नत वैज्ञानिक अनुसंधान केंद्र बेंगलुरु द्वारा दिया जाएगा। इस अवसर पर 21 पीएचडी, इंस्टिट्यूशन ऑफ फोर्सेज कंट्रोल 25 एमटेक, 1 एमएस (रिसर्च) तथा 506 बीटेक छात्रों को मिलाकर कुल 553 उपाधियां प्रदान की जाएंगी। समारोह में बी. टेक. में सर्वश्रेष्ठ सर्वांगीण प्रदर्शन के लिए 3 गोल्ड मेडल, उत्कृष्ट नवाचार के लिए 3 चेयरमैन गोल्ड , मेडल ट्रांसफॉर्मेशनल लीडरशिप के लिए 3 अजय चौधरी गोल्ड मेडल, बीटेक में उच्चतम सीजीपीए के लिए 9 सिल्वर मेडल, एम. टेक. में उच्चतम सीजीपीए के लिए 5 सिल्वर मेडल प्रदान किया जाएगा। समारोह में किरण देशपांडे अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे, वे एक प्रतिष्ठित तकनीकी उद्यमी एवं मोजो नेटवर्क के सह-संस्थापक हैं।

एसटी, एससी और ओबीसी विभाग की समीक्षा बैठक
रायपुर। एसटी, एससी और ओबीसी विभाग की राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक आज मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित की जाएगी। यह बैठक सुबह 10:30 बजे से शुरू होगी। बैठक की अध्यक्षता प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा करेंगी, जिसमें विभाग के सहायक आयुक्तों सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहेंगे। इस दौरान विभागीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की जाएगी और आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा होगी।

पटना-चर्लपल्ली स्पेशल ट्रेन आज से
रायपुर। ग्रीष्मकालीन छुट्टियों के दौरान ट्रेनों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए पटना और चर्लपल्ली के बीच स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन दोनों दिशाओं में 15-15 फेरों के लिए संचालित की जाएगी, जिससे यात्रियों को कंफर्म बर्थ के साथ यात्रा करने में सुविधा मिलेगी।

रेलवे के अनुसार, गाड़ी संख्या 03253 पटना-चर्लपल्ली स्पेशल ट्रेन 8 अप्रैल से 27 मई 2026 तक प्रत्येक सोमवार और बुधवार को पटना से दोपहर 3 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन दूसरे दिन बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग और गोंदिया जैसे प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरते हुए निर्धारित समय पर चर्लपल्ली पहुंचेगी। वहीं, वापसी में गाड़ी संख्या 03254 और 03255 चर्लपल्ली-पटना स्पेशल ट्रेन अलग-अलग दिनों में संचालित की जाएगी। 03254 ट्रेन 15 अप्रैल से प्रत्येक बुधवार को रात 11 बजे रवाना होगी, जबकि 03255 ट्रेन 10 अप्रैल से प्रत्येक शुक्रवार को रात 9 बजे चर्लपल्ली से चलेगी और निर्धारित समय पर पटना पहुंचेगी। इन ट्रेनों का ठहराव रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, गोंदिया, नागपुर सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर होगा, जिससे छत्तीसगढ़ सहित अन्य राज्यों के यात्रियों को भी सीधा लाभ मिलेगा।

छत्तीसगढ़ में 9 से 23 अप्रैल तक 8वां पोषण पखवाड़ा
रायपुर। प्रदेश में कुपोषण के खिलाफ चल रहे जन-आंदोलन को और सशक्त बनाने के लिए 9 से 23 अप्रैल तक 8वां पोषण पखवाड़ा आयोजित किया जाएगा। भारत सरकार के महिला एवं बाल विकास मंत्रालय द्वारा मिशन पोषण 2.0 के अंतर्गत आयोजित इस अभियान का उद्देश्य जन-भागीदारी के माध्यम से “कुपोषण मुक्त भारत” के संकल्प को मजबूती देना है। इस वर्ष पखवाड़ा की थीम “जीवन के पहले छह वर्षों में मस्तिष्क के विकास को अधिकतम करना” रखी गई है, जो बच्चों के प्रारंभिक वर्षों में पोषण, स्वास्थ्य और समुचित देखभाल के महत्व को केंद्र में रखती है। विशेषज्ञों के अनुसार, जीवन के पहले छह वर्ष बच्चे के शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक विकास की नींव होते हैं, इसलिए इस अवधि में उचित पोषण अत्यंत आवश्यक है।

उल्लेखनीय है कि वर्ष 2018 से संचालित पोषण अभियान को जन-आंदोलन के रूप में आगे बढ़ाया जा रहा है, जिसके तहत जन-जागरूकता और व्यवहार परिवर्तन पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसी क्रम में इस वर्ष का पोषण पखवाड़ा भी सामुदायिक भागीदारी को केंद्र में रखकर आयोजित किया जाएगा।

अप्रैल में राशनकार्डधारियों को मिलेगा केरोसिन
रायपुर। प्रदेश में सार्वजनिक वितरण प्रणाली पीडीएस के तहत अप्रैल 2026 के लिए केरोसिन का आबंटन जारी कर दिया गया है। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने केंद्र सरकार से प्राप्त प्रथम तिमाही (अप्रैल-जून) के कोटे में से 528 किलोलीटर केरोसिन राशनकार्डधारियों के लिए आवंटित किया है। यह केरोसिन उचित मूल्य दुकानों के माध्यम से वितरित किया जाएगा। खाद्य विभाग के अनुसार, अंत्योदय और प्राथमिकता श्रेणी के सभी राशनकार्डधारियों को इसका लाभ मिलेगा। शहरी क्षेत्रों में प्रति राशनकार्ड अधिकतम 1 लीटर और ग्रामीण क्षेत्रों (अनुसूचित एवं गैर-अनुसूचित) में अधिकतम 2 लीटर केरोसिन दिया जाएगा।