CG Morning News: रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आज 62वां जन्मदिन है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री आज जशपुर जिले के दौरे पर रहेंगे और अपना जन्मदिन अपने गृह ग्राम बगिया में धार्मिक अनुष्ठान के साथ मनाएंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री साय सुबह 9 बजे मुख्यमंत्री निवास सिविल लाइन रायपुर से रवाना होकर पुलिस ग्राउंड हेलीपैड से हेलीकॉप्टर द्वारा बगिया के लिए प्रस्थान करेंगे। सुबह 10.30 बजे बगिया हेलीपैड पर आगमन के बाद वे अपने निज निवास पहुंचेंगे, जहां जन्मदिन के अवसर पर सत्यनारायण व्रत कथा का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम पूर्ण होने के बाद मुख्यमंत्री साय अपराह्न 3.40 बजे बगिया से प्रस्थान कर हेलीकॉप्टर से रायपुर लौटेंगे और शाम करीब 5.20 बजे मुख्यमंत्री निवास पहुंचेंगे।
10वीं बोर्ड परीक्षा आज से शुरू
रायपुर। आज से प्रदेश में 10वीं बोर्ड परीक्षा (CG Board Exam 2026) की शुरुआत हो रही है। इस वर्ष कक्षा 10वीं की परीक्षा के लिए कुल 3 लाख 23 हजार 705 विद्यार्थियों ने पंजीयन कराया है, जबकि पिछले वर्ष 3 लाख 28 हजार 716 छात्रों ने परीक्षा के लिए पंजीयन कराया था। बोर्ड परीक्षा सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजकर 15 मिनट तक आयोजित की जाएगी। परीक्षा को लेकर सभी परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
भाजपा कार्यालय का घेराव करेगी युवा कांग्रेस
दिल्ली में आयोजित इंडिया AI समिट के दौरान युवा कांग्रेस के हंगामे के बाद देश की सियासत गरमा गई है। इस घटनाक्रम के विरोध में छत्तीसगढ़ प्रदेश युवा कांग्रेस ने आज भाजपा कार्यालय का घेराव करने का ऐलान किया है। यह प्रदर्शन आज दोपहर 2 बजे राजधानी रायपुर के राजीव गांधी चौक से शुरू होगा। प्रदर्शन का नेतृत्व प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष आकाश शर्मा करेंगे।
आधार नामांकन एवं सुधार शिविर आज
रायपुर। डाक विभाग द्वारा आधार नामांकन एवं सुधार कार्य के लिए विशेष शिविर 21 फरवरी को आंगनबाड़ी कुकरीपारा, प्रोफेसर कॉलोनी, ग्राम पंचायत भवन सेंदरस, सरसींवा एवं ग्राम पंचायत सांकरा में आयोजित किया जाएगा। शिविर में नया आधार कार्ड बनाने, पुराने आधार में नाम, जन्म तिथि, पता, फोटो, मोबाइल नंबर, बायोमेट्रिक अनलॉक तथा अन्य आवश्यक अपडेट किए जाएंगे। 5 वर्ष एवं 15 वर्ष आयु के पश्चात आधार में अनिवार्य रूप से बायोमेट्रिक अपडेशन कराया जाना आवश्यक है, जो 1 अक्टूबर 2025 से 1 वर्ष के लिए निःशुल्क है।










