Advertisement Carousel

CG News : पुलिस हिरासत से आरोपी फरार, चार पुलिस कर्मियों को एसपी ने किया निलंबित

सक्ती। जिले के जैजैपुर थाना क्षेत्र में पुलिस की बड़ी लापरवाही सामने आई है। थाने की कस्टडी से एक आरोपी के फरार होने के मामले में एसपी ने कड़ा एक्शन लेते हुए चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है।

जानकारी के अनुसार, आरोपी सुरेंद्र पटेल के खिलाफ आईपीसी की धारा 454 और 380 के तहत नैला-जांजगीर चौकी में मामला दर्ज है। मामले की विवेचना के लिए उसे बुधवार रात करीब 9 बजे जैजैपुर थाने लाया गया था। आरोपी की निगरानी के लिए एक प्रधान आरक्षक अनूप खलखो और तीन आरक्षक रामनिवास उरांव, ब्रजसैन लहरे और कामता मार्चे को ड्यूटी पर तैनात किया गया था। इसके बावजूद ड्यूटी में लापरवाही के चलते आरोपी पुलिस कस्टडी से फरार हो गया।

घटना के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चारों पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। फिलहाल फरार आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीमों को सक्रिय कर दिया गया है और आसपास के इलाकों में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।