CG News : सुकमा. उत्तर बस्तर कांकेर जिले में 6 साल की मासूम के साथ हुई दरिंदगी ने सभी को झकझोर कर रख दिया है. इस वक्त पीड़िता का अस्पताल में इलाज जारी है. शर्मनाक घटना के खिलाफ रविवार को मुस्लिम समाज ने सड़क पर उतरकर आक्रोश जताया और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की.
क्या है घटना ?
कोतवाली थाना क्षेत्र में रहने वाली 6 वर्षीय नाबालिग घटना के दिन अपने घर में सो रही थी. इसी दौरान दो युवक कथित तौर पर महुआ चोरी करने के इरादे से घर के पास पहुंचे और सो रही बच्ची को उठाकर अपने साथ ले गए. घर से कुछ दूर ले जाकर दोनों आरोपियों ने बच्ची के साथ अनाचार की घटना को अंजाम दिया. परिजनों को रात में जब बच्ची नहीं मिली तो उसने खोजबीन शुरू की गई. देर रात बच्ची को तालाब के पास खेत में अचेत अवस्था में मिली.
अपराधियों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए, मुस्लीम समाज ने की मांग
मुस्लिम समाज के लतीफ मेमन और मतीन खान ने कहा कि मासूम बालिका के साथ हुई यह घटना पूरे समाज को शर्मसार करने वाली है. एक सभ्य समाज में इस तरह की घृणित घटनाएं बेहद निंदनीय हैं. ऐसे अपराधियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए, ताकि समाज में एक सख्त संदेश जाए.
उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान समय में अपराध की घटनाओं को धार्मिक नजरिए से देखने की प्रवृत्ति बढ़ रही है, जो समाज के लिए ठीक नहीं है. उनके अनुसार अपराधी का कोई धर्म, जाति या भाषा नहीं होती, अपराध करने वाला केवल अपराधी होता है और उसे कानून के अनुसार कठोर दंड मिलना चाहिए.
फास्ट ट्रैक कोर्ट से पीड़िता को जल्द न्याय दिलाने की मांग
मुस्लिम समाज के प्रतिनिधियों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मामले में जल्द से जल्द कठोर कार्रवाई की जाए और फास्ट ट्रैक कोर्ट के माध्यम से पीड़ित बालिका को शीघ्र न्याय दिलाया जाए. समाज के विभिन्न वर्गों द्वारा इस घटना की निंदा और कड़ी सजा की मांग के बीच अब सभी की नजर प्रशासनिक कार्रवाई और न्याय प्रक्रिया पर टिकी हुई है.











