बलौदाबाजार। आत्महत्या के लिए उकसाने वाले दगाबाज प्रेमी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने युवती को पहले प्यार के झूठे सपने दिखाकर अपने जाल में फंसाया, फिर शादी का झांसा देकर प्रेम संबंध बनाया, जिसके बाद शादी से इनकार कर दिया। इससे आहत होकर युवती ने आत्महत्या कर ली। पुलिस ने आरोपी प्रेमी के खिलाफ अपराध कायम कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पूरा मामला पुलिस चौकी गिरौदपुरी क्षेत्र का है।
गिरौदपुरी की रहने वाली एक युवती का आरोपी अजय टंडन से प्रेम संबंध था, जिसमें आरोपी द्वारा मृतिका को शादी करने का झांसा देकर पूर्व से प्रेम संबंध स्थापित किया गया। 25 जनवरी 2026 को मृतिका ने आरोपी को अपने घर ग्राम गिरौदपुरी बुलाकर शादी के लिए कहा पर आरोपी अजय टंडन ने मना कर दिया। इससे क्षुब्ध होकर युवती ने अपने हाथ की कलाई काट ली और कीटनाशक का सेवन कर लिया। इस दौरान अजय टंडन मौके से भाग गया।
युवती के परिजन इलाज के लिए पहले कसडोल फिर बलौदाबाजार के निजी अस्पताल लेकर गए, जहां इलाज के दौरान एक फरवरी को युवती की मौत हो गई। प्रकरण में एसपी भावना गुप्ता के निर्देश पर चौकी गिरौदपुरी में मामला पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। जांच में आरोपी अजय टंडन को हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर उसने युवती को शादी का झांसा देकर प्रेम संबंध स्थापित करने और उसके बाद शादी से इनकार कर देने की बात स्वीकार की। इसके चलते युवती ने आत्महत्या कर ली। इस मामले में आरोपी अजय टंडन उम्र 31 साल निवासी ग्राम बलौदा ( हसुवा) थाना गिधौरी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।








