CG Polytechnic Exam : रायपुर. प्री-पॉलिटेक्निक प्रवेश परीक्षा कार्यक्रम की घोषणा व्यावसायिक परीक्षा मंडल ने कर दी है. व्यापम ने प्री-पॉलिटेक्निक प्रवेश परीक्षा 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन और परीक्षा कार्यक्रम जारी किए हैं. जारी परीक्षा शेड्यूल के अनुसार 17 अप्रैल तक ऑनलाइन आवेदन किया जा सकते हैं.
पॉलिटेक्निक कॉलेजों में डिप्लोमा में प्रवेश के लिए प्री-पॉलिटेक्निक प्रवेश परीक्षा ली जाती है. व्यावसायिक परीक्षा मंडल ने 17 अप्रैल तक इच्छुक अभ्यर्थियों से ऑनलाइन आवेदन मंगाए हैं. दसवीं पास विद्यार्थी प्री-पॉलिटेक्निक प्रवेश परीक्षा दिलाने के लिए पात्र हैं. अभ्यर्थी vyapamcg.cgstate.gov.in पर जाकर ऑनलाइन परीक्षा फॉर्म भर सकते हैं और आवेदन करने के लिए जानकारी और सिलेबस का विस्तृत डिटेल भी प्राप्त कर सकते हैं.
आवेदन करते समय परीक्षा शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना अनिवार्य होगा. छत्तीसगढ़ शासन के नियमानुसार राज्य के स्थानीय निवासी अभ्यर्थी जो परीक्षा में सम्मिलित होंगे, उनका परीक्षा शुल्क व्यापम द्वारा वापस कर दिया जाएगा. यह राशि उसी बैंक खाते में वापस की जाएगी जिससे अभ्यर्थी ने शुल्क का भुगतान किया है.
17 अप्रैल तक ऑनलाइन आवेदन स्वीकार किए जाएंगे. इसके बाद 18 अप्रैल से 20 अप्रैल तक आवेदन पत्र में त्रुटि सुधार के लिए समय निर्धारित किया गया है. अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र 27 अप्रैल 2026 को व्यापम की वेबसाइट में जारी कर दिए जाएंगे. परीक्षा का आयोजन 7 मई 2026 गुरुवार को सुबह 10 से दोपहर 12.15 बजे तक किया जाएगा. राज्य के 33 जिला मुख्यालयों में परीक्षा केंद्र बनाए गए है.










