Advertisement Carousel

CG Weather Update : प्रदेश में 36 डिग्री तक पहुंचा तापमान, अगले तीन दिनों में और चढ़ेगा पारा

CG Weather Update : रायपुर। छत्तीसगढ़ में अब धीरे-धीरे गर्मी का असर बढ़ने लगा है। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले तीन दिनों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि इसके बाद 4 दिनों तक तापमान में कोई खास बदलाव होने की संभावना नहीं है। फिलहाल प्रदेश में मौसम शुष्क बना हुआ है और बारिश के आसार नहीं हैं।

प्रदेश का मौसम हाल

बीते 24 घंटों के दौरान पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहा। सर्वाधिक अधिकतम तापमान 36.5°से. राजनांदगांव में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 11.5°से. अंबिकापुर में रिकॉर्ड हुआ। वर्षा के मुख्य आंकड़े निरंक रहे।

सिनॉप्टिक सिस्टम

मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर ओडिशा से दक्षिण छत्तीसगढ़ होते हुए विदर्भ तक एक द्रोणिका समुद्र तल से लगभग 0.9 किलोमीटर ऊपर बनी हुई है। हालांकि इसका प्रदेश में किसी बड़े मौसम परिवर्तन पर तत्काल प्रभाव देखने को नहीं मिल रहा है।

आज का पूर्वानुमान

प्रदेश में आज भी मौसम शुष्क बने रहने की संभावना है। किसी प्रकार की चेतावनी जारी नहीं की गई है।

रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम

रायपुर में आज आसमान मुख्यतः साफ रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 36°से. और न्यूनतम तापमान 21°से. के आसपास रहने का अनुमान है।