कौशांबी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ सोशल मीडिया पर विवादित पोस्ट करने वाले छत्तीसगढ़ कांग्रेस के पीसीसी संयुक्त महामंत्री विनोद तिवारी को शनिवार को दिल्ली पुलिस ने कौशांबी से गिरफ्तार किया है. छत्तीसगढ़ की राजनधानी रायपुर के रहने वाले विनोद तिवारी एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने कौशांबी आए हुए थे. जहां से उन्हें गिरफ्तार किया गया है. महेवाघाट थाना क्षेत्र के डक शरीरा गांव से दिल्ली पुलिस ने उन्हें अरेस्ट किया है.
जानकारी के मुताबिक, विनोद तिवारी अपने पिता के पिंडदान के लिए संगम आए थे. इस दौरान वह कौशांबी के महेवाघाट थाना क्षेत्र के अपने पैतृक गांव डक शरीरा पहुंचे थे. उन पर आरोप है कि फरवरी में विनोद ने सोशल मीडिया पर एक आपत्तिजनक पोस्ट डाली थी, जिसके चलते दिल्ली पुलिस ने उन्हें अरेस्ट किया है. इधर विनोद तिवारी का कहना है कि 3 फरवरी को उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट की थी. जिसको लेकर दिल्ली में उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है.
विनोद ने बताया कि वे गया अपने पिता का श्राद्ध करने आये हुए थे. सूचना पाकर पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया है. बताया जा रहा है कि पुलिस उन्हें दिल्ली लेकर जा रही है. इधर इस कार्रवाई को लेकर छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने भाजपा पर निशाना साधा है. उन्होंने एक पोस्ट कर लिखा है कि ‘असहिष्णु भाजपा… उत्तर प्रदेश के कौशांबी में अपने पारिवारिक कार्यक्रम में पहुंचे पीसीसी संयुक्त महामंत्री विनोद तिवारी को दिल्ली पुलिस ने मोदीजी के खिलाफ 3 फरवरी को किए गए पोस्ट के वजह से गिरफ्तार कर लिया गया है.’











