कोलंबो। भारत ने क्रिकेट के बाद अब जूनियर फुटबॉल में भी पाकिस्तान को पीट दिया। सोमवार को यहां खेले गए सैफ अंडर-17 चैंपियनशिप के बेहद रोमांचक मुकाबले में भारतीय युवा टीम ने पाकिस्तान को 3-2 से हरा दिया। हालांकि मैच के दौरान पाक खिलाड़ियों की बेशर्मी क्रिकेट की तरह फुटबॉल के मैदान में भी यथावत रही। पाकिस्तान के मोहम्मद अब्दुल्ला ने विवादास्पद अंदाज में जश्न मनाया। दोनों टीमें पहले ही सेमीफाइनल में जगह बना चुकी हैं।
टी सेलिब्रेशन पड़ा भारी: भारत ने मैच के 31वें मिनट में डल्लालमुओन गांगटे के गोल से बढ़त बना ली थी। पाकिस्तान ने 43वें मिनट में अब्दुल्ला द्वारा पेनल्टी को गोल में बदलकर बराबरी की। गोल करने के बाद वह अपने साथियों के साथ एक अनोखे जश्न में चाय पीने की नकल करने लगा। उसका यह जश्न हालांकि पाकिस्तान के लिए ही भारी पड़ गया क्योंकि भारतीय टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए अपनी श्रेष्ठता साबित कर दी।
रहाम अहमद ने भारतीय टीम को दिलाई जीत
गुनलेइबा वांगखेइराकपम ने 63वें मिनट में गोल कर भारत को फिर से बढ़त दिला दी लेकिन इसके सात मिनट बाद ही हमजा यासिर ने पाकिस्तान के लिए बराबरी का गोल दाग दिया। रहाम अहमद ने 73वें मिनट में गोल कर भारत को 3-2 से आगे कर दिया जो निर्णायक साबित हुआ। भारत ने इसके बाद रक्षापंक्ति को मजबूत कर पाकिस्तान को बराबरी करने का मौका नहीं दिया।













