Advertisement Carousel

Chhattisgarh News: 11 जनवरी को छत्तीसगढ़ के दौरे पर आएंगे सचिन पायलट, कांग्रेस प्रदेश कार्यकारिणी की लेंगे बैठक..

रायपुर: लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी कांग्रेस की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक 11 जनवरी को होगी, जिसमें अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव और प्रदेश के नव-नियुक्त प्रभारी सचिन पायलट मौजूद रहेंगे। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में दोपहर तीन बजे प्रदेश कार्यकारिणी (कोषाध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महामंत्री, कार्य. सदस्य, संयुक्त महामंत्री एवं सचिव), एआइसीसी के सभी सदस्य, विधायक, प्रत्याशी, जिला व शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सहित मोर्चा, संगठन, प्रकोष्ठ विभाग के प्रदेश अध्यक्ष मौजूद रहेंगे।

बैठक में भारत जोड़ो न्याय यात्रा की तैयारी और लोकसभा चुनाव पर चर्चा की जाएगी। इस दौरान सभी 11 लोकसभा क्षेत्रों में मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों की पूरी रिपोर्ट लेंगे। कुछ दिनों पहले दिल्ली दौरे से लौटे पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा था कि नए प्रभारी का मार्गदर्शन लिया जाएगा। कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने भी दिल्ली में उनसे मुलाकात की थी।

इसके साथ ही बैठक में विधानसभा चुनाव के बाद प्रदेश कांग्रेस में बढ़ी अंतर्कलह से निपटने पर भी चर्चा की उम्मीद है। सचिन पायलट की प्रदेश युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ भी चर्चा होगी। प्रदेश युवा कांग्रेस की राजीव भवन में लगातार दो दिन तक बैठक हुई थी, जिसमें लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर विस्तार कार्ययोजना बनाई गई है।